लखीमपुर-खीरी: कार ने पहले बाइक में टक्कर मारी फिर अधिवक्ता पर चलाई गोली, मची अफरा-तफरी
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर के डीसी रोड पर अज्ञात कार ने पहले अधिवक्ता की बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद साइड का शीशा खोलकर उन पर गोली चला दी। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गए। गोली सड़क पर जा धंसी। सरेशाम हुई घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद चालक कार समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिवक्ता से पूछताछ की। अधिवक्ता ने अज्ञात के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
शहर के मोहल्ला थरवरनगंज निवासी एडवोकेट अफरोज आजाद ने बताया कि घटना शाम करीब छह बजे की है। वह अपनी बाइक से नौरंगाबाद चौराहा से डीसी रोड पर जा रहे थे। बाइक पर उनकी पांच साल की बेटी भी बैठी हुई थी। अधिवक्ता चैंबर गेट नंबर एक के पास नीले रंग की मारुती कार पीछे से आई और उसके चालक ने लापरवाही से कार को चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक समेत गिरते-गिरते बचा।
वह संभल पाते। इससे पहले ही करीब 50 मीटर दूर आगे निकली कार का बाएं साइड का शीशा खोलकर तमंचे से गोली चला दी। गोली उनके बगल से निकलकर सड़क में जा धंसी। गोली चलाने के बाद कार सौजन्या चौराहा की तरफ तेजी से भाग निकली। गोली चलने की आवाज से वहां हड़कंप मच गया। तमाम अधिवक्ता और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
अधिवक्ता अफरोज अहमद ने पहले यूपी 112 पुलिस को कॉल की, लेकिन नंबर नहीं लगा। इस पर उन्होंने एसपी गणेश प्रसाद को सरकारी नंबर पर कॉल कर घटना की जानकारी थी। एसपी के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह, जेल गेट चौकी इंचार्ज दुर्गेश शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और अधिवक्ता समेत अन्य लोगों से घटना की जानकारी ली। पीड़ित अधिवक्ता ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। अधिवक्ता अफरोज अहमद ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है।
टायर फटने की बात कह पुलिस ने की घटना मोड़ने की कोशिश
घटना के बाद से अधिवक्ता अफरोज आजाद और उनका परिवार डरा सहमा हुआ है। उन्होंने बताया कि जब प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने घटना जांच और पड़ताल करते हुए कहा कि कार का टायर फटा होगा। यह सुनकर वहां मौजूद लोग हैरत में पड़ गए। इस पर वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया और गोली चलने की बात बताई। अधिवक्ता ने बताया कि सड़क पर जिस जगह गोली लगी। इंस्पेक्टर को वह स्थान पर भी दिखाया गया है। प्रभारी निरीक्षक के इस बयान पर पीड़ित अधिवक्ता ने हैरानी जताई है।
अधिवक्ता ने तहरीर दी है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी---दुर्गेश शर्मा, चौकी इंचार्ज जेल गेट।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: छज्जे के मलबे के नीचे दबकर दस साल के बच्चे की मौत
