बरेली: आंवला में जमीन की रंजिश में चाचा ने की भतीजे की हत्या
बरेली,अमृत विचार। आंवला के एक गांव में जमीन की रंजिश में चाचा पर भतीजे की हत्या का आरोप लगा है। मृत युवक के पिता ने अपने छोटे भाई, उसके बेटे-बहू के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट …
बरेली,अमृत विचार। आंवला के एक गांव में जमीन की रंजिश में चाचा पर भतीजे की हत्या का आरोप लगा है। मृत युवक के पिता ने अपने छोटे भाई, उसके बेटे-बहू के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
आंवला के गांव मौज जफतीरा नंदगांव निवासी बेनीराम के एक बेटा भगवानदास व तीन बेटियां हैं। बेनीराम का उनके छोटे भाई छोटेलाल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर छोटेलाल, उसका बेटा व बहू आए दिन झगड़ा करते रहते हैं। चार दिन पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था।
बेनीराम ने बताया कि सोमवार दोपहर एक बजे उनका बेटा भगवानदास (19 वर्ष) खेत गया था। कुछ देर बाद वह भी खेत की तरफ चले गए। आरोप है कि छोटेलाल, उसका बेटा महेन्द्र व महेन्द्र की पत्नी भगवानदास के साथ मारपीट कर रहे थे। जब तक बेनीराम बेटे को बचाने पहुंचे तब तक हमलावर हत्या कर भाग गए। इकलौते बेटे की मौत से बेनीराम का रो रोकर बुराहाल है।
वहीं आंवला पुलिस ने अभी इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उसका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा की भगवानदास की मौत कैसे हुई है। उसके बाद ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
