गैंगस्टर के गठजोड़ को तोड़ने के लिए बरेली मंडल में एनआईए की छापेमारी
बरेली,अमृत विचार। एनआईए ने आज सुबह से 6 राज्यों में बड़े स्तर पर छापेमारी की है। एनआईए की छापेमारी में बरेली मंडल भी शामिल है। आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त बदमाशों, मादक पदार्थ तस्करों, गैंगस्टर्स के गठजोड़ के खिलाफ एक बड़े ऑपरेशन को एनआईए अंजाम दे रही है। इसके अलावा यूपी के लखनऊ, बरेली, प्रतापगढ़ और लखीमपुर खीरी में भी NIA टीम के पहुंचने की सूचनाएं हैं।
टीम बरेली मंडल के साथ-साथ पीलीभीत से सटे हुए उत्तराखंड के कुछ गांव में भी पहुंची है। इसके साथ ही अन्य शहरों में एनआईए की टीम दबिशें दे रही है।
सूत्रों के मुताबिक एनआईए ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों के ठिकानों पर भी छापेमारी जारी है, साथ ही अन्य गैंगस्टर्स के ठिकानों पर दबिश दी है। गैंगस्टर का सहयोग करने वालों और अन्य साथियों के यहां पर भी छापे डाले गए हैं। कुछ आतंकी गतिविधियों में लिप्त संगठनों से जुड़े बदमाश भी टीम की रडार पर हैं।
उत्तर प्रदेश और बरेली मंडल के अलावा हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, मध्यप्रदेश, दिल्ली में बड़े स्तर पर छापे डाले गए हैं। सूत्र बताते हैं कि पकड़ में आए बदमाशों के इनपुट के आधार पर देश के अलग-अलग राज्यों में एनआईए की टीम छापेमारी कर रही है। प्रदेश में तीन जगह एनआईए रेड पड़ी है। जिसमें प्रतापगढ़, बरेली और लखीमपुर में छापे डाले गए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: किसान से 10 हजार रुपए रिश्वत लेते लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों दबोचा
