बिजनौर: पिकअप से 51.5 किलोग्राम गांजा पकड़ा, पांच तस्कर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य उत्तराखंड से लाकर यूपी में करते हैं सप्लाई, आरोपी ठाकुरद्वारा, भगतपुर, चमोली, जसपुर के हैं निवासी

पुलिस की गिरफ्त में गांजा तस्कर गिरोह के सदस्य।

बिजनौर, अमृत विचार। पुलिस ने काशीपुर हरिद्वार नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात बादीगढ़ चौराहा पर 51.5 किलो गांजा लदी पिकअप (वाहन) पकड़ ली। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के पांच सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तराखंड के गैरसैंण व चमोली से गांजा लाकर यहां सप्लाई करते हैं। 
  
पुलिस ने गुरुवार रात 11:30 बजे बादीगढ़ चौराहा स्थित एक होटल के पास नहर की पटरी पर पिकअप  को रोक लिया। शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई तो गाड़ी में डबल फर्श के नीचे बना एक गुप्त चैंबर मिला, जब पुलिस ने उसे हटाकर देखा तो उसमें गांजा भरा हुआ था। उसमें 51.5 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने खिलाप सिंह पुत्र राम सिंह निवासी गांव बुरा, थाना विकास नगर घाट, चमोली और प्रदीप पुत्र केहर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि ये दोनों उत्तराखंड के गैरसैंण और चमोली से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करते हैं। इनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन एजेंट आकाश निवासी गांव रतुपुरा थाना ठाकुरद्वारा, शीशपाल निवासी नरेंद्रपुर थाना भगतपुर जिला मुरादाबाद और मोहित निवासी गांव पूरनपुर थाना जसपुर जिला ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड को भी गिरफ्तार किया है।

 पांचों आरोपी गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। इन पर पहले भी रेहड़ और चमोली में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों के पास से पुलिस ने 10450 रुपये, पांच मोबाइल, दो बाइक और 12 बोर के 60 कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: पशु से टकराकर गिरी बाइक, आशा की मौत, चालक घायल

संबंधित समाचार