Chitrakoot News : अधिक लोड वाले इलाकों में चलाएं चेकिंग अभियान, जिले में बिजली आपूर्ति की समस्या पर डीएम गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में बिजली आपूर्ति की समस्या पर डीएम गंभीर।

चित्रकूट में बिजली आपूर्ति की समस्या पर डीएम गंभीर। अधिक लोड वाले इलाकों में चलाएं चेकिंग अभियान।

चित्रकूट, अमृत विचार। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने जिले में बिजली की अव्यवस्था को लेकर हो रही लोगों की दिक्कतों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने शुक्रवार को जिला विद्युत समिति की बैठक में हिदायत दी कि लोगों को भीषण गर्मी में विद्युत संबंधी परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता बृजेश कुमार से कहा कि शहर के जिन इलाकों में लोड अधिक है वहां अभियान चलाकर चेकिंग की जाए और विद्युत चोरी पर लगाम लगाई जाए। 

जिलाधिकारी ने एसई से कहा कि शहर में बिजली की काफी समस्याएं प्राप्त हो रही हैं। गर्मी को देखते हुए इसमें सुधार कराएं। ठेकेदारों को सख्त निर्देश दें कि मैन पावर बढ़ाकर फाल्ट ठीक कराएं। ठेकेदार शहर में जहां पर अधिक लोड है वहां पर केबल का काम पहले कराएं। उन्होंने जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत कामों में विद्युत संयोजन तत्काल किए जाने के निर्देश दिए। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कहा कि कामों में तेजी लाई जाए। बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत शहर आरएस वर्मा,  राजापुर केके वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।

राजापुर में वसूली कम

डीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली की भी समीक्षा की।  अधिशासी अभियंताओं से कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष विद्युत बिल की वसूली अभियान चलाकर कराएं। एक्सईएन राजापुर को निर्देश दिए कि माह के लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बहुत कम है। इस माह में प्रगति करें। विद्युत संयोजन में भी प्रगति कम है इसको भी बढ़ाया जाए।

बिल जमा होने के बाद करें कनेक्शन

डीएम ने अधीक्षण अभियंता से कहा कि जो कनेक्शन काटे गए थे, वे जांच में ज्यादातर चालू पाए गए हैं। कहा कि उपखंड अधिकारी व अवर अभियंताओं की जिम्मेदारी तय करें कि बिल जमा किए बिना संयोजन मौके पर न पाया जाए। डीएम ने आगाह किया कि अगर ऐसा पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

...जब फूटा बिजली उपभोक्ताओं का गुस्सा

गुरुवार रात कर्वी माफी की बिजली आपूर्ति ठप होने से यहां के  लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इन लोगों ने रात में ही प्रधान प्रतिनिधि की अगुवाई में ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर नारेबाजी की। इस पर सुबह सवेरे आपूर्ति दुरुस्त की गई। 

बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी जनता की सुविधाओं से पूरी तरह बेपरवाह हैंl गुरुवार रात कर्वी माफ़ी के ट्रांसफार्मर की एमसीबी खराब हो गई तो  पूरी रात तकरीबन सात सौ कनेक्शन धारकों को बिना बिजली के गुजारनी पड़ीl  आक्रोशित ग्रामीण प्रधान प्रतिनिधि बद्री सिंह की अगुवाई में रात में ही ट्रांसफार्मर के पास इकठ्ठे हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कीl  ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए सुबह लगभग आठ बजे बिजलीकर्मी पहुंचे और आपूर्ति बहाल की गईl

 अजीत ने कहा कि सचल ट्रालियां शोपीस बनी हुई हैं l नगर में तैनाती पाने वाले लाइनमैन ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात हैं l रात ड्यूटी में कर्मचारियों की कमी हैl विभाग कोई संसाधन लाइनमैनों को नहीं देताl  जुगाड़ के सहारे बिजली व्यवस्था चल रही हैl अजीत ने जिलाधिकारी से विद्युत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायत देने की मांग की हैl

संबंधित समाचार