मुरादाबाद: नौकरी दिलवाने के नाम पर महिलाओं से तीन लाख की ठगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। हरिद्वार की एक संस्था में सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर दो महिलाओं से दो लाख अस्सी हजार रुपए की ठगी कर ली गई। ठगी करने वाली आरोपी भी महिला है। इतना ही नहीं दोनों महिलाओं को कई दिन तक फर्जी तरीके से ट्रेनिंग भी दी। बाद में खुलासा होने पर बाउंस चेक …

मुरादाबाद,अमृत विचार। हरिद्वार की एक संस्था में सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर दो महिलाओं से दो लाख अस्सी हजार रुपए की ठगी कर ली गई। ठगी करने वाली आरोपी भी महिला है। इतना ही नहीं दोनों महिलाओं को कई दिन तक फर्जी तरीके से ट्रेनिंग भी दी। बाद में खुलासा होने पर बाउंस चेक थमा दिया। अब कार्रवाई के लिए दोनों ने एसएसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है।

मझोला थाना क्षेत्र के एकता कालोनी निवासी ललिता वर्मा का कहना है कि दीवान के बाजार में रहने वाली एक महिला का उनके घर आना-जाना था। दोनों के बीच अच्छी-खासी दोस्ती थी। कुछ माह पहले महिला ने ललिता से कहा कि उसकी पहचान हरिद्वार की एक संस्था के पदाधिकारियों से हैं। अगर वह चाहे तो इस संस्था में अच्छी सैलरी पर सरकारी नौकरी लगवा देगी। एक नौकरी दिलाने के नाम पर महिला ने एक लाख चालीस हजार रुपए मांगे।

ललिता के अनुसार भरोसे में आकर उसने महिला को तय रकम दे दी। इसकी जानकारी जब उसकी दोस्त बिजनौर के धामपुर रहने वाली गुफराना को हुई तो वह भी मुरादाबाद आ गई। गुफराना ने भी उसे एक लाख चालीस हजार रुपए दे दिए। ललिता के अनुसार रकम लेने के बाद आरोपी महिला ने दोनों को कई दिन तक ट्रेनिंग करवाने के साथ संस्था के नाम से सेंटर खुलवा दिया। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उनको वेतन नहीं दिया गया।

धोखाधड़ी की जानकारी होने पर दोनों ने अपनी रकम मांगनी शुरू कर दी। ललिता के अनुसार काफी दबाव देने पर आरोपी महिला ने एक लाख अस्सी हजार का चेक दे दिया जो बाउंस हो गया। इसके बाद महिला ने रकम वापस करने से इंकार कर दिया। उन्होंने एसएसपी से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।

संबंधित समाचार