बांदा : माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज
अमृत विचार, बांदा । माफिया डाॅन मुख्तार अंसारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंडल कारागार में निरूद्ध माफिया डाॅन मुख्तार अंसारी के पास से निरीक्षण के दौरान बरामद किए गए दस्तावेजों में भिन्नता पाए जाने पर उसके खिलाफ शहर कोतवाली में हेराफेरी एवं धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल एवं पुलिस अधीक्षक अभिनंदन द्वारा शुक्रवार को मंडल कारागार का औचक निरीक्षण किया गया था। जिसमें निरूद्ध बंदी माफिया डाॅन मुख्तार अंसारी की बैरिक की भी अन्य बैरिकों की भांति तलाशी ली गई थी। जिसमें मुख्तार के पास से बरामद पहचान पत्र, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र एवं आधार कार्ड में कई कमियां पाई गईं।
मुख्तार अंसारी के मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड व पैन कार्ड में जन्मतिथि व नाम की स्पेलिंग में भिन्नता पाई गई है। इन दस्तावेजों को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने कब्जे में लेकर जांच किया और बरामद दस्तावेजों में हेराफेरी पाया गया, जो प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध है। इसे दृष्टिगत रखते हुए माफिया डाॅन मुख्तार अंसारी के विरूद्ध हेराफेरी, धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमा अपराध संख्या 42323 धारा 420, 467, 468 एवं 471 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
ये भी पढ़ें - बस्ती : पूर्व भाजपा विधायक समेत सात को तीन वर्ष की सजा
