पीलीभीत: परीक्षा देकर लौट रही छात्राओं से दिनदहाड़े छेड़छाड़...ई-रिक्शा भी तोड़ा
बाइक सवार शोहदों ने पहले पीछा किया और फिर रास्ते में रोक की वारदात
अमरिया, अमृत विचार। अमरिया क्षेत्र में शोहदे बेलगाम हैं और पुलिस घटना की शिकायत मिलने के बाद भी लापरवाह बनी हुई है। अब एक नया मामला सामने आया है। जिसमें शहर से परीक्षा देकर लौट रही छात्राओं को बाइक सवार शोहदे पीछा करके परेशान करते रहे।
उसके बाद ओवरटेक कर रोक लिया और छेड़छाड़ की। ई-रिक्शा में तोड़फोड़ की गई। घटना की शिकातय मिलने के बाद भी जांच पड़ताल के नाम पर अमरिया पुलिस मामले को टालने में जुट रही। तहरीर मिलने के बाद भी देर शाम तक कार्रवाई नहीं की जा सकी।
जहानाबाद क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अमरिया थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। अमरिया के एक मदरसे की छात्राओं को परीक्षा दिलाने के लिए वह जीजीआईसी कॉलेज जाते थे। इन दिनों परीक्षाओं की वजह से छात्राओं को प्रतिदिन लाता- ले जाता है। मंगलवार को वह परीक्षा संपन्न होने के बाद छात्राओं को ई-रिक्शा पर बैठाकर नौगवां चौराहा से अमरिया जा रहे थे।
इस बीच बाइक सवार शोहदे पीछा करते हुए छेड़छाड़ करते रहे। लालपुर चौराहा पर पहुंचते ही नोकझोंक हुई। दोपहर करीब एक बजे फरदिया चौराहा पर पहंचते ही शोहदों ने बाइक लगाकर ई-रिक्शा रोक लिया। ई-रिक्शा चालक को खींचकर सड़क पर फेंक मारपीट की।
उसके बाद छात्राओं ने छेड़छाड़ करने लगे। बचाने की कोशिश पर धमकाया। किसी तरह छात्राओं और पीड़ित ने खुद को बचाया। इसकी सूचना उसी वक्त यूपी 112 पर दी गई। कुछ ही देर में पुलिस पहुंची और मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी की। उसके बाद कार्रवाई के लिए अमरिया थाने भेज दिया। वहां पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस मामले में काफी देर तक टालमटोल करती रही। दिनदहाड़े छात्राओं से छेड़छाड़ की घटना होने के बावजूद गंभीरता से नहीं लिया। आरोप यह भी है कि मामले में तहरीर भी बदलवा ली गई।
इस मामले में छात्राओं ने नहीं बल्कि ई-रिक्शा चालक से तहरीर मिली है। जिसे लेकर छानबीन कराई जा रही है। तहरीर में नामजद किए गए लड़कों को जांच के लिए बुलवाया गया है। विवाद की वजह का पता लगा रहे हैं।
- कमल सिंह, इंस्पेक्टर अमरिया।
ये भी पढ़ें : बदायूं में चूहे की हत्या के बाद पीलीभीत में बिल्ली को जहर देकर मार डाला, FIR की मांग
