अयोध्या : मुख्य सचिव के दौरे से खुली प्रशासन के दावों की कलई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डांट-फटकार के बाद दूसरे दिन ही रामपथ पर फीता लेकर नापजोख करते दिखे अफसर 

अयोध्या, अमृत विचार। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र के अयोध्या दौरे से जिला प्रशासन के दावों की कलई खुल गई है। निर्माणाधीन पथों पर 40 प्रतिशत और 50 प्रतिशत काम पूरा करने का राग अलापने वाले प्रशासनिक अधिकारियों की अयोध्या विजन की समीक्षा बैठक में उस वक्त पोल खुल गई जब मुख्य सचिव ने कहा कि रामपथ पर मुझे तो कोई काम ही नहीं दिख रहा है। कैसी समीक्षाएं हो रही हैं? इतना सुनते ही आयुक्त सभागार में बैठे अधिकारी बगलें झांकने लगे। 
      
दुर्गा शंकर ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि रामपथ, भक्ति पथ व जन्मभूमि पथ के निर्माण कार्य के लिए आगामी दो माह बहुत ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि जुलाई माह में बरसात के कारण कार्य बाधित हो सकता है इसलिए अधिक से अधिक मानव संसाधन बढ़ाकर दिन रात दोनों शिफ्टों में कार्य को और तेजी से किया जाए। दिसंबर तक हर हाल में कार पूरा करना है। मैं बारिश से पहले एक बार फिर आकर सारे कार्यों को देखूंगा।
      
मुख्य सचिव के जाते ही जिला प्रशासन एक्टिव हो गया। गुरुवार को रामपथ पर तमाम बड़े अफसर फीता लेकर नाप-जोख करते दिखे। एडीएम प्रशासन अमित सिंह बड़ा डाकखाना चौराहे पर दूसरी साइड की नपाई-जोखाई कराते दिखे। इस संबंध में जब उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो रिसीव नहीं हुआ। मौके पर मौजूद वन विभाग के एसडीओ केएन सुधीर भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि रामपथ निर्माण के दौरान जो भी पेड़ आ रहे हैं उन्हें काटा जाएगा। पेड़ों को बचाने का भी प्रयास किया जा रहा है। जिन पेड़ों को कटना है उन पर क्रॉस का साइन लगाया गया है। 
        
बुधवार को राम मंदिर निर्माण और यहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर मुख्य सचिव दुगार्शंकर मिश्रा ने अलग-अलग योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। अयोध्या के गुप्तारघाट, नयाघाट, हनुमानगढ़ी, राम जन्मभूमि, जन्मभूमि पथ, रामपथ निर्माण के साथ टेढ़ी बाजार पर बन रहे पार्किंग व दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यों को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्य सचिव दुगार्शंकर मिश्रा ने सबसे पहले गुप्तारघाट और क्रूज निर्माण का निरीक्षण किया, जिसके बाद मोटर बोट से जल स्तर का निरीक्षण करते हुए नयाघाट पहुंचे, जहां यात्री सुविधाओं को तैयार करने की जानकारी संबंधित विभाग को दी। उसके बाद रामपथ का निरीक्षण करते हुए हनुमान गढ़ी पहुंचे। जहां से भक्ति पथ मार्ग से पैदल चल कर जन्मभूमि पथ कार्यों को देखा। इसके बाद सीधे अयोध्या के टेढ़ी बाजार चौराहे पर बन रहे पार्किंग और दुकानों के निर्माण का निरीक्षण कर कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। विभिन्न कार्यों की समीक्षा के बाद श्री राम विहार बुध और सूर्य कुंड की भव्यता को भी परखा। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी गई है कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन रहा है और जनवरी तक भूतल का कार्य पूरा हो जाएगा। 

कोट -
आदेश दिया गया है तो दिसंबर तक निर्माण हर हाल में पूरा किया जाएगा। प्रयास किया जा रहा है कि निर्धारित अवधि में काम पूरा हो। डेडलाइन तो कई बार बदली जा चुकी है।
हरिश्चन्द्र साहू, प्रोजेक्ट मैनेजर, रामपथ निर्माण एजेंट आरएंडसी, अयोध्या


ये भी पढ़ें -पं. नेहरू के 1400 से अधिक उपहार म्यूजियम में मौजूद, गोल्डेन सेंगोल अब नए संसद भवन की बढ़ाएगा शोभा

संबंधित समाचार