विकास दुबे और अतीक पुलिस के लिए एक सबक है : डीजीपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशी, अयोध्या और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

अमृत विचार, कानपुर। विकास दुबे और अतीक अहमद पुलिस के लिए एक सबक है। अगर शुरुआती स्तर पर ही अपराधियों पर नकेल कस दी जाए तो दोबारा इस तरह के माफिया पैदा नहीं होंगे। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसलिए सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहकर अपराधियों पर नकेल कसने का निर्देश दिया गया है। एक दिवसीय कानपुर दौरे पर आए पुलिस महानिदेशक आरके विश्वकर्मा और स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने गुरुवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की।

पुलिस महानिदेशक ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में बीते छह साल से कोई दंगा नहीं हुआ कानून का राज चल रहा है और अपराधियों में भय का माहौल है। धार्मिक त्योहार शांति पूर्वक ढंग आपसी प्रेम और सौहार्द से संपन्न हो रहे हैं। प्रदेश में काशी, अयोध्या और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास जारी है। यहां पर दक्षिण भारत से ज्यादा दर्शनार्थी आ रहे हैं। उनके हिसाब से भी सुरक्षा मजबूत कर रहे हैं। पुलिस महानिदेशक ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते कहा कि हाल के दिनों में कुछ घटनाएं सामने आई हैं जिन्हें सबक के तौर पर लिया जा रहा है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे अपराधी जो बार-बार अपराध करते हुए पकड़े जा रहे हैं उन पर तत्काल ऐसी नकेल कसी जाए कि वह विकास दुबे या अतीक अहमद ना बन सके। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि डकैती में 82, लूट 67, हत्या में 37, गृह भेदन में 10, फिरौती और अपहरण में 52 प्रतिशत की कमी हुई है। इस समय बड़ा दस्यु गिरोह नहीं बचा है। 

पुलिस महानिदेशक ने माना कि साइबर क्राइम से जुड़े अपराध तेजी के साथ बढ़ रहे है। उस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को और अधिक आधुनिक संसाधनों से युक्त कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराधियों को पकड़ने की ट्रेनिंग भी दी जा रही है। जल्द ही इस दिशा में भी अच्छे रिजल्ट मिलने की उम्मीद है। 

स्पेशल डीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने अतीक की हत्या बाबत कहा कि कुछ सेकेण्ड में यह घटना हुई, कुछ लोग मीडियाकर्मी बनकर आए और वारदात को अंजाम दिया। मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। मामले की जांच के लिये पांच सदस्यीय दल गठित हुआ है। माफिया शाइस्ता परवीन और गुड्डू की बाबत कहा कि इस मामले में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई हो रही है। पुलिस माफियाओं पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई भी कर रही है और अभियोजन के साथ मजबूत पैरवी कर उनको सजा भी दिला रही है।

ये भी पढ़ें -रायबरेली : दिल्ली जा रही महिला को बंधक बनाकर लूटा, जमकर की पिटाई

संबंधित समाचार