हरदोई: छात्राओं से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने वाला उर्दू शिक्षक बर्खास्त, जानें पूरा मामला
हरदोई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (Kasturba Gandhi Girls School) टोंडरपुर में तैनात उर्दू शिक्षक (Urdu Teacher) ने वहां की छात्राओं के साथ न सिर्फ आशनाई वाली बातें की, बल्कि उनके साथ छेड़छाड़ जैसी हरकत तक की। इस मामले में डीएम ने तीन सदस्यीय समिति बना कर उससे जांच कराई तो लगाए गए सारे आरोप सच साबित हुए। इस पर बीएसए डा.विनीता ने डीएम के आदेश पर आरोपी शिक्षक को बर्खास्त (Dismissed) कर दिया है।
बताते चलें कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टोंडरपुर की छात्राओं ने वहां तैनात उर्दू शिक्षक मुजीब खां पर आरोप लगाया था कि उसने उनके बीच न सिर्फ आशनाई वाली बातें की, बल्कि छेड़छाड़ तक की। 15 मार्च को तत्कालीन बीईओ शालिनी गुप्ता विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंची, तो वहां की छात्राओं ने उनसे उर्दू शिक्षक मुजीब खां की न सिर्फ शिकायत की बल्कि सारा कुछ बयान कर दिया।
जिस पर तत्कालीन बीईओ ने बीएसए को शिक्षक की कारस्तानी की सारी कहानी बता दी। बीएसए ने डीएम के सामने शिक्षक मुजीब खां की करतूतों का चिट्ठा खोला, जिस पर डीएम काफी खफा हुए और उन्होंने एसडीएम सण्डीला आईएएस दिव्या मिश्रा, सीओ हरियावां शिल्पा कुमारी और दिव्यांग कल्याण अधिकारी ऋचा गुप्ता की तीन सदस्यीय समिति बना कर उसे जांच सौंपी थी।
समिति ने अपनी जांच में शिक्षक पर लगाए गए आरोपों को बिल्कुल सही पाया और अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी थी। बीएसए डा.विनीता ने डीएम के आदेश पर आरोपी उर्दू शिक्षक मुजीब खां को बर्खास्त कर दिया है। शिक्षक पर हुई बर्खास्तगी की कार्रवाई से महकमें में खलबली मची हुई है।
बीईओ ने दर्ज कराई रिपोर्ट
टोंडरपुर के बीईओ प्रभाष कुंवर श्रीवास्तव ने बर्खास्त किए गए उर्दू शिक्षक मुजीब खां के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए बेहटा गोकुल थाने में तहरीर दी। जिस पर आरोपी मुजीब खां के खिलाफ धारा 354/279 के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें:-मंत्री के बेटे ने होर्डिंग लगाकर रायबरेली सांसद सोनिया गांधी से पूछे 16 सवाल, योग्यता पर उठाई उंगली
