कम खर्च में घर पर अंगूर से बनाएं किशमिश, यहां जानें इसे बनाने का तरीका

कम खर्च में घर पर अंगूर से बनाएं किशमिश, यहां जानें इसे बनाने का तरीका

ड्राई फ्रूट्स हम सभी की सेहत के लिए बहुत लाभकारी होते हैं ये तो हम सभी जानते हैं। वहीं ड्राई फ्रूट्स हमारी डिश का स्वाद भी बढ़ाते हैं। इन ड्राई फ्रूट्स में से एक है किशमिश जो हमारे शरीर में आयरन की कमी को पूरा करती है। वहीं इसे हम मीठी डिश में डालकर स्वाद भी बढ़ा सकते हैं। इससे आपकी डिश का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। बता दें किशमिश को अगर बाजार से खरीदें तो ये काफी महंगी मिलती है, पर अगर आप इसे घर पर बनाएंगे तो आपका काफी पैसे बच जाएंगे। आज हम आपको घर पर ही आसान तरीके से किशमिश बनाने के बारे में बताने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका। 

घर पर किशमिश बनाने के लिए जरूरी सामान
एक किलो अंगूर
स्टीमर

किशमिश बनाने की विधि
बता दें अगर आप घर पर किशमिश बनाना चाहते हैं तो सबसे पहले एक किलो अंगूर लेकर इसे अच्छे से धो लें। इसके बाद इसकी डंडी निकाल कर अलग कर दें। नहीं तो इसका टेस्ट खराब हो सकता है। अगर आपके पास इडली स्टीमर है तब तो काफी अच्छा वरना सादा भगोने को स्टीमर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। अब स्टीमर में उसके साइज के हिसाब से पानी भर दें। अब स्टीमर की ट्रे में अंगूरों को भर कर गैस पर चढ़ा दें। करीब 20 मिनट बाद गैस बंद करके स्टीमर को खोलने पर आपको अंगूरों का रंग पीला दिखने लगेगा। रंग बदलने के बाद इसे निकाल कर सूती चादर पर डालकर ऐसी जगह फैला दें, जहां धूप आती हो। दो तीन दिनों तक इसे ऐसे ही सूखने दें।

निर्धारित समय के बाद आप देखेंगे कि अंगूर सिकुड़ने लगेंगे। बता दें सुखाते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि ये अलग-अलग रहे। वरना इसके स्वाद पर असर पड़ सकता है। वहीं तीसरे दिन आप इसे पंखे के नीचे सुखाने के लिए रखें। लो जी बस अब आपकी किशमिश तैयार है, इसे एक एयर टाइट डिब्बे में रखकर आप करीब साल भर तक इसे यूज कर सकते हैं। 

ये भी पढे़ं- गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों के साथ प्लान की है ट्रिप, इन खूबसूरत जगहों की करें सैर