बरेली: पीरियड्स के दौरान नहाने के बाद भूलकर भी न करें ये गलती, जानें पूरी जानकारी
डॉक्टरों की सलाह- हर दिन नहाना और समय से सेनेटरी पैड बदलना जरूरी
बरेली, अमृत विचार। मासिक चक्र यानी पीरियड्स के दौरान स्वच्छता का ख्याल न रखना कई तरह के गंभीर संक्रमण का शिकार बना सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि पीरियड्स को लेकर समाज में कई तरह के मिथ और भ्रम फैले हुए हैं जो किशोरियों से लेकर महिलाओं तक को बीमारियों की ओर ले जाते हैं और उन्हें इसका एहसास तक नहीं होता। इसलिए किशोरावस्था से ही पीरियड्स के दौरान सफाई के महत्व की जानकारी देना बेहद जरूरी है।
जिला महिला अस्पताल के किशोरी स्वास्थ्य क्लिनिक में हर दिन 10 से 12 लड़कियों की काउंसिलिंग की जाती है। आंकड़ों के मुताबिक इनमें कई केस ऐसे होते हैं जो कमेंसुरेशन हाइजीन को लेकर जागरूक न होने की वजह से जटिल होने की स्थिति में पहुंचते हैं। इसका असर बेटियों की शारीरिक-मानसिक सेहत पर पड़ता है। अनियमित पीरियड्स भी बड़ी समस्या है। क्लिनिक में इस महीने अब तक करीब दो सौ बेटियों की काउंसिलिंग की जा चुकी है।
पीरियड्स के दौरान सफाई न रखने के ये खतरे
डॉक्टरों के मुताबहिक मासिक धर्म के दौरान सफाई न रखने से रिप्रोडक्टिव ट्रैक्ट इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा सफाई की कमी और दूषित सामग्री का उपयोग करने से रोगाणुओं का हमला भी हो सकता है। इससे यौन संचारित संक्रमण (एसटीआई) और पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज (पीआईडी) का खतरा बढ़ जाता है।
रोज नहाकर बदलने चाहिए अंडर गारमेंट
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मृदुला शर्मा के अनुसार मासिक चक्र के दौरान महिलाएं अक्सर सोचती हैं कि चार-पांच दिन नहीं नहाना चाहिए, लेकिन यह गलत है। रोज नहाकर अंडर गारमेंट्स को जरूर बदलना चाहिए, साथ ही अच्छी गुणवत्ता वाले सैनेटरी पैड का इस्तेमाल करना चाहिए। रक्तस्राव से आंतरिक कमजोरी आ जाती है जिसके लिए पोषण युक्त खानपान लेना जरूरी है।
10 से 12 साल में ही शुरू हो रहे मासिक चक्र
जिला महिला अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. शैव्या के अनुसार 10 साल या उससे भी कम उम्र में पीरियड शुरू हो गए हैं। अब तक पीरियड शुरू होने की उम्र 13 से 16 साल मानी जाती थी। अनियमित दिनचर्या और असंतुलित खानपान इसका मुख्य कारण है।
यह भी पढ़ें- बरेली: रेलवे साइडिंग पर की मजदूरी फिर चुराईं केबिलें, RPF ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
