बरेली: बारिश से खुशनुमा हुआ मौसम, 30 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान
अधिकतम तापमान में नौ डिग्री की गिरावट, रविवार को ऐसे ही मौसम रहने के आसार
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। जिले में शनिवार की सुबह आंधी और बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। कई स्थानों पर हल्की तो कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। आंधी-पानी से कई इलाकों में फाल्ट होने से बिजली गुल हो गई। शनिवार को अधिकतम तापमान में नौ डिग्री तक गिरावट देखी गई। अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट के साथ 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर 2 बजे के बाद निकली धूप से एक बार फिर मौसम में कुछ गर्मी देखी गई।
पंतनगर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ओलावृष्टि के लिए भी चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही गर्म हवाओं के थपेड़ों से भी कुछ दिन राहत मिलेगी। इस दौरान 15-17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के आसपास तेज हवा चलेगी।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से औसतन अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है। उन्होंने बताया कि 30 मई के बाद से मौसम साफ होने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे पारा 40 के पार पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें- बरेली: बाल श्रमिकों को ढाबों और दुकानों से मुक्त कराएगी पुलिस, चलाया जाएगा अभियान
