दो हत्याओं से दहल उठा फर्रुखाबाद, चौकीदार के भाई को ईंट से कुचला, किसान की गोली मारकर हत्या
फर्रुखाबाद में एक ही दिन में हत्या की दो वारदात हुई।
फर्रुखाबाद में सोमवार को अलग-अलग थानाक्षेत्रों में दो हत्याएं हुई। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने चौकीदार के भाई की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गई। मोहम्मदाबाद में भी किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। फर्रुखाबाद में सोमवार को अलग-अलग थानाक्षेत्रों में दो हत्याएं हुई। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने चौकीदार के भाई की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गई। मोहम्मदाबाद में भी किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
चौकीदार के भाई की ईंट से कुचल कर हत्या
दावत खाने गए चौकीदार के भाई की ईंट से कुचल कर हत्या कर दी गई। शव गांव के निकट सड़क किनारे फेंक दिया गया। सुबह खेत पर जा रहे ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर रोने बिलखने लगे। सीओ सोहराब आलम पुलिस व फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य के लिए नमूना लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव भटासा निवासी 55 वर्षीय हरीश चंद्र कठेरिया अधिकतर साधुओं के साथ रहने लगा था। वह रविवार रात गांव नरसिंहपुर में एक दावत में शामिल होने कुछ लोगों के साथ गया था। वहां से घर लौटते समय रास्ते में किसी से उसका विवाद हो गया। हरीश चंद्र कठेरिया की ईंट से कुचल कर हत्या कर दी गई। शव को गांव के रहने वाले अहमद शेर के खेत के निकट कच्ची सड़क पर डाल दिया गया। सोमवार सुबह गांव के वहां से गुजरे तो शव पड़ा देखा। इससे सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी परिजनों को मिली। वह मौक पर पहुंच गए। हरीश चंद्र का भाई रामाधार गांव में चौकीदारी है। वह भी घटना स्थल पर पहुंच गया। शव के पास एक पीला अंगौछा पड़ा हुआ था, अनुमान लगाया जा रहा है कि वह हत्यारोपी का हो। घटना की सूचना पर सीओ कायमगंज सोहराब आलम, निरीक्षक अपराध संतोष अवस्थी, दरोगा हरिओम त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल से साक्ष्य के लिए नमूना लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिएभेज दिया। सीओ सोहराब आलम ने बताया कि कुछ बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पुत्रों ने पकड़े हाथ, पिता ने किसान को मार दी गोली
रोजाना गाली गलौज करने की शिकायत करने गए किसान को दो भाइयों ने पकड़ लिया और सेवानिवृत्त शिक्षक पिता ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मार कर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर पीछे आ रहे किसान के परिजनों ने हत्यारोपी पिता व दो पुत्रों को पकड़ लिया। एक पुत्र धक्का मार कर भाग गया। पुलिस के आने पर हत्यारोपी पिता-पुत्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गैसिंगपुर निवासी 52 वर्षीय मनोज सिंह का गांव के ही परिवारी सेवानिवृत्त शिक्षक राम प्रताप से विवाद चलता था। इस कारण रामप्रताप के पुत्र रोजाना शाम को मनोज सिंह के दरवाजे पर गाली गलौज करते थे।
रविवार शाम को दरवाजे पर दोनों भाइयों ने गाली गलौज किया। मनोज सिंह ने इसकी शिकायत रामप्रताप से फोन पर की, लेकिन उन्होंने नहीं सुनीं। इससे वह पत्नी आशा देवी, पुत्र अभय, भाई संजय सिंह व राजीव सिंह के साथ सेवानिवृत्त शिक्षक रामप्रताप सिंह के नलकूप पर गए। मनोज सिंह आगे थे और सभी लोग पीछे आ रहे थे। नलकूप पर पहुंचने पर मनोज सिंह ने रामप्रताप सिंह से उनके पुत्रों की शिकायत की। इससे नाराज होकर पिता और पुत्र मिलकर मनोज सिंह को फिर गाली गलौज करने लगे।
विरोध करने पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। सीने के पास गोली लगने से मनोज सिंह वहीं गिर पड़े। पीछे से आ रहे परिजनों ने यह देखा तो वह चिल्लाने लगे। पत्नी आशोदेवी ने रामप्रताप के हाथ से बंदूक छीन ली और अन्य परिजनों ने हमलावर रामप्रताप सिंह व उसके दोनों पुत्रों को पकड़ लिया। एक पुत्र सत्यम धक्का मार कर वहां से भाग गया। मनोज के पुत्र अभयन ने यूपी 112 पर सूचना दी।
कोतवाल अनिल कुमार चौबे व दरोगा मोहम्मद अकरम मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मनोज सिंह को सीएचसी भिजवाया। पकड़े गए पिता-पुत्र को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। मनोज सिंह की हालत गंभीर होने पर उसको सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लोहिया में डाक्टर ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों को रो-रोक कर बुरा हाल हो गया। पुलिस की पूछताछ में मनोज सिंह के पुत्र अभय ने बताया कि आरोपी सत्यम और शिवम ने पिता मनोज सिंह को पकड़ लिया था। रामप्रमाप ने पिता के गोली मार दी।
इससे वह घायल होकर वहीं गिर गए। पुत्र अन्नू ने घटना की तहरीर दी। पुलिस ने रामप्रताप, उसके पुत्र सत्यम सिंह व शिवम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अनिल कुमार चौबे ने बताया कि आरोपी रामप्रताप सिंह व उसके पुत्र शिवम को पकड़ लिया गया है। रामप्रताप की लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ली है।
