Jalaun Accident : सड़क हादसों में पूर्व सैनिक समेत दो की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में सड़क हादसों में पूर्व सैनिक समेत दो की मौत।

जालौन में सड़क हादसों में पूर्व सैनिक समेत दो की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

जालौन, अमृत विचार। अपने दोस्त के साथ स्कूटी से कालपी घूमने के लिए जा रहा युवक हादसे का शिकार हो गया। उसकी स्कूटी में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे दो दोस्तों में से एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा स्कूटी लेकर भाग गया। 

सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेलनगर निवासी चंद्रमोहन का 20 वर्षीय पुत्र कमलेश जिला परिषद स्थित एक मिष्ठान की दुकान में काम करता था। रविवार की शाम दुकान बंद होने पर वह अपने दोस्त के साथ स्कूटी से कालपी की सैर करने के लिए चला गया। अभी वह स्कूटी से आटा थाना क्षेत्र के पास टोल प्लाजा पर पहुंचा ही था तभी पीछे से अज्ञात ट्रक ने उसे टक्कर मार दी जिससे पीछे बैठा कमलेश सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया।

घायल को पुलिस ने एम्बुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया। यहां पर चंद्र मोहन की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया।  बताया गया है कि मृतक के पिता को आंखो से कम दिखाई देता है। आटा थाना पुलिस का कहना है कि हादसा होने के बाद से ही उसका साथी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है जिससे घटना की सही जानकारी मिल सके।

दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत, पूर्व सैनिक की मौत

ठौंद थाना क्षेत्र के बिजवाहा बंबी के पास दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में एक बाइक सवार पूर्व सैनिक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फौरन उन्हें अस्पताल भिजवाया। यहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सूचना मृतक के घर पहुंची तो वहां पर परिजन बेहाल हो गए।

जानकारी के मुताबिक सोमवार को सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरी मुस्तकिल निवासी लल्लन सिंह पूर्व सैनिक ने कुठौंद में मकान बनवा लिया था और वह कुछ समय से वहीं पर रह रहे थे। सोमवार शाम को वह सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम करमुखा अपने रिश्तेदार के यहां त्रियोदशी में शामिल होने जा रहे थे। वह बाइक से जा रहे थे।

तभी विजवाह बम्बी के पास सामने से तेज रफ्तार आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें पूर्व सैनिक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल भिजवाया, जहां पर डाक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि की। इस हादसे में दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाली बाइक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि उक्त चालक जयनारायण निषाद नशे की हालत में था जिस वजह से बाइक पर उसका संतुलन नहीं रहा।

संबंधित समाचार