शाहजहांपुर: 14 माह बाद सऊदी अरब से लाया गया ठेकेदार का शव
फोटो- शाहजहांपुर के मोहल्ला मेहमान शाह में लाए गए शव को देखने के लिए उमड़ी भीड़।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। सऊदी अरब में फंसे ठेकेदार का शव 14 महीने बाद सोमवार की शाम को अपने यहां घर लाया गया। शव के लाते ही परिवार में रोना पिटना मच गया। शव देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ठेकेदार की वहां संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया था।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेहमान शाह निवासी मोहम्मद आलम 2013 में सऊदी अरब के जेद्दा में ठेका लेकर बिल्डिंग में पुताई का कार्य करते थे। 30 मार्च 2022 को उनकी वहां मृत्यु हो गई थी, लेकिन परिवार वालों को 30 अगस्त को जानकारी हुई थी। तब से मोहम्मद आलम के भाई आफताब शव भारत मंगाने के लिए पुलिस के अधिकारियों से गुहार लगा रहे थे। लेकिन जांच पूरी न होने के कारण शव सऊदी अरब से भारत नहीं भेजा जा रहा था।
भारतीय दूतावास के अधिकारी व्हाट्सअप के जरिए मोहम्मद आलम से संपर्क साधा था। उन्होंने व्हाट्सअप के जरिये आधार कार्ड मांगा था और आश्वासन दिया था कि जांच पूरी होने वाली है, शीघ्र मोहम्मद आलम का शव भारत भेज दिया जाएगा। परिवार वाले इस आश्वासन पर आस लगाए हुए थे। आफताब ने दूतावास अधिकारियों से संपर्क किया तो अधिकारियों ने बताया था कि मोहम्मद आलम की रुपये के लेनदेन को लेकर हत्या की आशंका लग रही है। अधिकारियों ने बताया कि तीन दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।
इस प्रकरण में यहां के पुलिस अधिकारियों पिछले साल अगस्त माह में दूतावास के अधिकारियों से संपर्क किया था। मृतक मोहम्मद आलम का भाई आफताब वहां के अधिकारियों से फोन से सीधे संपर्क में था। एक साल बाद ठेकेदार मोहम्मद आलम का शव सऊदी अरब से यहां घर शाम को पहुंच गया है। शव के पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी फरीन का रो-रोकर बुरा हाल है।
या अल्लाह, शुक्र है बेटे को नसीब करा दी वतन की मिट्टी
मृतक मोहम्मद आलम की बुजुर्ग मां मरियम के रोते-रोते आंसू सूख चुके हैं। वह 14 माह से यही दुआ कर रही हैं कि बेटे की लाश ही सही अपने घर आ जाए। सोमवार को शव लाया गया तो वह गुमसुम हो गईं। बोलीं, या अल्लाह....शुक्र है बेटे को वतन की मिट्टी नसीब करा दी। कहती हैं कि मौत उन्हें आनी थी, लेकिन बेटे की लाश देखनी पड़ेगी...यह कभी ख्वाब में भी नहीं सोंचा था। वह रोते हुए अचेत हो जाती हैं।
यह भी पढ़ें- लव जिहाद: शाहजहांपुर में नाम बदलकर प्यार में फंसाया, फिर दे दिया जहर...जानें पूरा मामला
