Fatehpur News : गंगा में डूबने से कानपुर के युवक की मौत, मां के साथ वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के युवक की फतेहपुर में गंगा में डूबने से मौत।

कानपुर के युवक की फतेहपुर में गंगा में डूबने से मौत हो गई। वह मां के साथ नाथूपुर के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था।

फतेहपुर, अमृत विचार। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के गंगा का पुरवा गांव में मंगलवार सुबह गंगा नदी में नहाने गए 21 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद समारोह वाले घर की खुशियां मातम में बदल गई। 

कानपुर के नौबस्ता गल्ला मंडी मुहल्ले के रहने वाले शंकर पुत्र सुरेश कुमार विश्वकर्मा अपनी मां सावित्री देवी के साथ नाथूपुर गांव में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। सुबह अपने रिश्तेदार दीपक विश्वकर्मा पुत्र अमृतलाल निवासी प्रयागदासपुर तथा अपनी मां के साथ युवक गंगा स्नान करने के लिए गया। शंकर स्नान करने के लिए गंगा नदी में उतर गया।

युवक गहरे पानी में चला गया। मुंह में पानी जाने से वह डूबने लगा। शंकर को डूबता देख साथ में रहे दीपक ने शोर मचाना शुरू किया तो ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों की मदद से पानी में डूबे युवक को बाहर निकाला गया। स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस कर्मियों ने बेहोशी हालत में युवक को सीएचसी हथगाम में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

संबंधित समाचार