Etawah News : साथ जी न सके तो प्रेमी युगल ने एक साथ मौत को लगाया गले, युवती की जालौन में 4 मई को हुई थी शादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में प्रेमी युगल के शव फंदे पर लटके मिले।

इटावा के सरंगपुर के बीहड़ में पेड़ में प्रेमी युगल के शव लटके मिले। युवती की जालौन में 4 मई को शादी हुई थी।

इटावा, अमृत विचार। लवेदी थानाक्षेत्र के गांव सारंगपुरा गांव के बीहड़ में युवक-युवती के शव संदिग्ध अवस्था में दो पेड़ों से फंदे पर लटके मिले। युवक का गमछा फट जाने से शव जमीन पर झाड़ियों में पड़ा था। दोनों के शव करीब एक सप्ताह पुराने बताये गए हैं। पुराने होने के कारण क्षत-विक्षत अवस्था में थे। युवती का चेहरा गला हुआ था जबकि युवक का सिर धड़ से अलग था। 

बुधवार को बीहड़ में बकरियां चराने गए कुछ ग्रामीणों ने दो शवों को पेड़ों पर अलग अलग लटकते देखा। सूचना पर लवेदी थानाध्यक्ष विश्वनाथ मिश्रा मय फोर्स मौके पर पहुंचे। दोनों शवों की पहचान करीब पांच घंटे बाद बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ैया दिलीप नगर निवासी अनुज पुत्र सुभाष निषाद (19) वर्ष व कल्पना पुत्री अखिलेश निषाद (23) वर्ष के रूप में हुई।

घटना के पीछे दोनों के बीच प्रेम प्रसंग का मामला बताया जाता है। युवती की पिछले 4 मई को ग्राम रम्पुरा जालौन में शादी हुई थी। दोनों प्रेमी युगल 25 मई से गांव में एक भागवत कथा के भंडारे के दौरान से गायब थे। युवती की बकेवर थाना में गुमशुदगी दर्ज है। थाना पुलिस के अनुसार युवक के परिवार का कोई प्रार्थना पत्र नहीं देने आया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सत्यपाल सिंह, सीओ चकरनगर राकेश वशिष्ठ, एसडीएम चकरनगर मलखान सिंह, सीओ  भरथना विवेक जावला, बकेवर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह चौहान चकरनगर थाना प्रभारी दीपक कुमार भरथना कोतवाली प्रभारी रण बहादुर सिंह यूपीएससी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर शवों की पहचान करने में जुटी हुई थी।

मड़ैया दिलीपनगर निवासी सुभाष निषाद ने अपने लापता पुत्र के बारे में जानकारी करने के लिए सारंगपुरा के बीहड़ में पहुंचे। युवक के शरीर पर   कपड़े देखकर सुभाष ने अपने पुत्र अनुज के रूप में उसकी पहचान की। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो  युवक की जेब से पर्स मिला। जिसमें अनुज का आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड के अलावा पर्स से युवती के कुछ जेवर कानों के कुंडल मंगलसूत्र भी बरामद हुआ।

युवती का शव एक पेड़ से उसकी चुन्नी से गले मे फंदे से लटका हुआ था। फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुँची। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कानपुर ज़ोन की फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। युवक व युवती के बीच प्रेम प्रसंग था। 25 मई से दोनों गायब थे। दोनों के शव लवेदी क्षेत्र में जंगल में पेड़ों से फांसी पर लटके मिले। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे जा रहे हैं। 

हैदराबाद में नौकरी करता था युवक

मृतक अनुज कुमार हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता था। युवती के साथ उसका प्रेम प्रसंग काफी समय से चल रहा था। मई के महीने में ही वह छुट्टी पर घर आया था। शादी के बाद युवती मायके आई। इसके बाद दोनों 25 मई से गायब हो गए। घर वाले काफी खोजबीन करते रहे परंतु पता नहीं चला। दोनों ने संभवतः उसी दिन बीहड़ में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 

संबंधित समाचार