Kanpur Dehat News : तीन साल से बिना दवाओं के चल रहा यूनानी अस्पताल, CDO ने मांगा स्पष्टीकरण
कानपुर देहात में तीन साल से बिना दवाओं के चल रहा यूनानी अस्पताल।
कानपुर देहात में तीन साल से बिना दवाओं के चल रहा यूनानी अस्पताल। सीडीओ ने यूनानी अधिकारी, एचईओ व आयुष्मान मित्र से मांगा स्पष्टीकरण।
कानपुर देहात, अमृत विचार। अफसरों के लाख प्रयासों के बावजूद जनपद के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाएं औंधे मुंह गिरी पड़ी हैं। हालत यह है यूनानी अस्पताल में पिछले तीन सालों से दवाएं तक नहीं हैं। वहीं कर्मी बिना सूचना नदारद रहते हैं। खामियों पर सीडीओ ने यूनानी अधिकारी, एचईओ व आयुष्मान मित्र से स्पष्टीकरण तलब किया है।
बुधवार को सीडीओ सौम्या पांडेय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवीपुर व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर हासेमऊ का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. विकास से वीएएनसी/आरआई माइक्रोप्लान मांगा। जिसे वह नहीं दिखा सके। सीडीओ ने अपर चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित का सपष्टीकरण तलब किया जाए और माइक्रोप्लान को शीघ्र ही दुरस्त कराएं। वहीं उपस्थिति रजिस्टर की जांच करने पर एचईओ ममता मिश्रा बिना किसी सूचना के दो दिनों से अनुपस्थित मिली। उन्होंने चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बीडीओ व प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि वर्तमान में कुल लाभार्थियों के सापेक्ष मात्र 5919 गोल्डन कार्ड नहीं बनाये गए है। जिसकी सूची मांगने पर उपलब्ध नहीं कराई गई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि शेष बचे गोल्डन कार्ड शीघ्र ही बनाया जाएं और गोल्डन कार्ड के लिए तैनात आयुष्मान मित्र आकांक्षा बाजपेयी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए।
निरीक्षण के दौरान यूनानी मेडिकल आफीसर ने बताया कि चिकित्सालय में विगत तीन सालों ं से यूनानी औषधियां उपलब्ध नहीं हैं। इस बावत उन्होंने उच्चाधिकारियों को भी अवगत नहीं कराया था। सीडीओ ने यूनानी मेडिकल आफीसर को कठोर चेतवानी देते हुए निर्देश दिए कि शीघ्र ही यूनानी औषधियों की उपलब्धता पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ़-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश चिकित्सा प्रभारी को दिए।
हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर हासेमऊ के निरीक्षण के समय आठ ओपीडी केस एवं तीन मरीज ई-संजीविनी पोर्टल पर देखे मिजे। वहीं डीवीडीएमएस पोर्टल पर 58 ड्रग के सापेक्ष 45 प्रकार की ड्रग औषधियां अंकित पाई गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ड्रग पूर्ण रूप से पोर्टल पर अंकित की जाएं। निरीक्षण के समय अपर सीएमओ डॉ. एसएल वर्मा, बीडीओ शिव गोविंद पटेल आदि उपस्थित रहे।
