Pilibhit: नर्तकियों नचाने पर हुई FIR तो पूर्व प्रधान पर कर दिया हमला, जानिए पूरा मामला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोशाला में प्रधान पुत्र की तिलक की दावत आयोजित करने का मामला

पीलीभीत/ बिलसंडा, अमृत विचार। बेटे के तिलक की दावत में गोशाला में पहले हलवाई लगाए गए और फिर बाहर से नर्तकियों को बुलाकर अश्लील डांस परोसा गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में खलबली गई है। पुलिस ने इस मामले में प्रधान पुत्र पर एफआईआर दर्ज की है। वहीं, गोशाला में आयोजन की बात सामने आने पर बीडीओ बिलसंडा ने संबंधित पंचायत सचिव से रिपोर्ट तलब की है।

उधर, ग्राम पंचायत पंडरी मरौरी की प्रधान के बेटे पर हुई कार्रवाई के बाद इसका असर भी दिखा। पूर्व प्रधान के ट्यूबवेल पर कुछ दबंगों ने धावा बोल दिया। मारपीट और तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकाया।

पूर्व प्रधान शंकर शरण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव की मौजूदा प्रधान मुन्नी देवी के पुत्र का शनिवार को तिलकोत्सव था। जिसमें नर्तकियों को बुलाकर खुलेआम स्टेज पर डांस कराया गया। जिसकी किसी ने रात में ही वीडियो वायरल कर दी। जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई की।

आरोप लगाया कि मुखबिरी करने के शक में गुस्साए प्रधान पुत्र संतोष सिंह ने अपने साथियों संग आकर हमला कर दिया। उनके साथ मारपीट की गई और ट्यूबवेल में तोड़फोड़ की। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। हालांकि पुलिस इस शिकायत को संदिग्ध मान जांच कर रही है।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए करेली चौकी से पुलिसकर्मियों को भेजा गया था। पुलिसकर्मियों ने जांच पड़ताल की तो नर्तकियां बुलाए जाने की बात कुछ लोगों ने स्वीकार की। उसी आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराई जा रही है। पूर्व प्रधान से भी तहरीर मिली है। संदिग्धता पर इसकी भी जांच करा रहे है--- अचल कुमार, एसओ बिलसंडा।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: विदेश में रहने वाले अमरिया के युवक से कैसे हुई धोखाधड़ी, जानिए पूरा मामला 

संबंधित समाचार