बदायूं: कार से कुचलकर कुतिया को मार डाला, चालक के खिलाफ रिपेार्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दो जून को सड़क किनारे सो रही कुतिया को कार से कुचलने का वीडियो हुआ वायरल

बदायूं, अमृत विचार। जिले में पशुओं के प्रति क्रूरता की घटनाएं थम नहीं पा रही हैं। आए दिन पशुओं की हत्या करने के मामले सामने आ रहे हैं। नाले में डुबोकर चूहे को मारने के बाद अब कार से कुचलकर कुतिया को मारने का मामला सामने आया है। कार चालक ने जानबूझकर सड़क किनारे सो रही कुतिया के ऊपर कार चढ़ा दी। कुतिया गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ ही समय के बाद उसकी मौत हो गई। पशु प्रेमी की तहरीर पर कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। 

कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के मालगोदाम रोड स्थित प्रगति बिहार कॉलोनी में दो जून को सुबह लगभग सवा 10 बजे एक कुतिया सड़क किनारे एक घर के सामने सो रही थी। इसी दौरान एक कार वहां आई। दाहिने साइड में जगह होने के बाद भी कार चालक ने स्टेयरिंग मोड़ दिया और सड़क किनारे सो रही कुतिया पर कार चढ़ा दी। कार का अगला और पिछला पहिया कुतिया के ऊपर चढ़ गए।

कुतिया चिल्लाई और कॉलोनी के कुत्ते एकत्र हो गए। मोहल्लावासी भी घरों से बाहर आ गए। कुतिया सड़क पर लंगाड़े हुए तड़पती रही। एक मिनट बाद कुतिया जमीन पर लेट गई। कुछ ही समय में कुतिया की मौत हो गई। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई।

किसी ने पीपल्स फॉर एनिमल के अध्यक्ष, पशु प्रेमी और मोहल्ला कल्याणनगर निवासी विकेंद्र शर्मा को सूचना दी। वह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर कोतवाली सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। पशु प्रेमी ने पशु चिकित्सक को भी सूचना देकर बुलाया। लालपुर स्थित पशु चिकित्सालय के पशु चिकित्सक डॉ. संजीव और फार्मासिस्ट मोवीन ने कुतिया के शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कुतिया के शरीर के अंग फटे मिले।

पशु प्रेमी ने कोतवाली सिविल लाइन में तहरीर दी। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर उसके चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 और जानवर की हत्या करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बदायूं: पुलिस ने पकड़े थे छह आरोपी, गैंगस्टर की कार्रवाई केवल दो पर की गई, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार