JJM कनेक्शन में 12वें स्थान पर राजस्थान, अब तक 42.14 लाख कनेक्शन
जयपुर। राजस्थान में जल जीवन मिशन में अभी तक कनेक्शन का आंकड़ा 42.14 लाख को पार कर गया है। कुल कनेक्शन के अनुसार देखें तो राजस्थान अभी 12 वें स्थान पर पहुंच गया है। जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी ने बताया कि जेजेएम में अभी तक 16 हजार 36 करोड़ रूपए खर्च कर व्यय के मामले में भी प्रदेश दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। चालू वित्तीय वर्ष में अभी तक कुल 1521 करोड़ रूपए व्यय किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि उच्च स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग एवं समीक्षा से प्रदेश में मिशन का ग्राफ तेजी से आगे बढ़ रहा है। राजस्थान ने अब तक के सर्वाधिक जल कनेक्शन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 31 मार्च को एक दिन में 27 हजार 470 कनेक्शन किए थे। वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल 14 लाख 13 हजार 679 जल कनेक्शन किए जा चुके हैं। चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में कुल 4.75 लाख कनेक्शन का लक्ष्य है जिसमें से 31 मई तक 3.05 लाख कनेक्शन हो चुके हैं।
वित्तीय वर्ष 2022-23 के जल जीवन मिशन के तय लक्ष्यों को हासिल करने वाले टॉप 5 जिलों में झालावाड़ ने 76 प्रतिशत, भीलवाड़ा 71, कोटा 69, चित्तौड़गढ़ 66 एवं उदयपुर ने 66 फीसदी प्रगति की। प्रदेश में कुल 7 जिलों ने 50 फीसदी से अधिक जल कनेक्शन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
डॉ. जोशी ने बताया कि वर्ष 2023 की शुरूआत जेजेएम के लिए काफी अच्छी रही। मिशन ने जनवरी से मार्च की तिमाही में रफ्तार पकड़ी और तीन महीनों में सात लाख 34 हजार 715 जल कनेक्शन दिए गए। अकेले मार्च माह में 3 लाख 74 हजार 65 ग्रामीण परिवारों को जल कनेक्शन दिए गए। प्रतिदिन जल कनेक्शन का औसत भी मार्च में 12,067 तक पहुंच गया था।
ये भी पढ़ें- Odisha Train Accident: बालासोर रेल हादसे की जांच करेगी CBI, रेल मंत्री का बड़ा ऐलान
