Farrukhabad व Fatehpur में सड़क हादसों में दो की मौत, मरने वालों में वृद्ध और महिला शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सड़क हादसों में दो की मौत हो गई।

फर्रुखाबाद व फतेहपुर में सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। मरने वालों में वृद्ध और महिला शामिल है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

कानपुर टीम, अमृत विचार। फतेहपुर के खागा कोतवाली क्षेत्र में संग्रामपुर सानी गांव के सामने नेशनल हाईवे पार करते समय पैदल राहगीर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल वृद्ध की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दिवंगत की पहचान 70 वर्षीय रामआसरे प्रजापति निवासी महादेइन का पुरवा आंबी थाना थरियांव के रूप में हुई है। दिवंगत के पुत्र राजकरन ने बताया कि पिताजी धाता थाने के जाम गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी का कहना था टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

अज्ञान वाहन ने महिला को रौंदा, परिजनों में मचा कोहराम

भोर में घर से टहलने के लिए निकली महिला को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस न आने पर परिजन महिला को ईरिक्शा से लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। वहां डाक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

कादरीगेट थाना  चौराहा के निकट निवासी कमलेश कुमार की 46 वर्षीय पत्नी रीता सक्सेना रोजाना की तरह सोमवार भोर घर से टहलने के लिए निकली थी। सड़क किनारे  टहलते समय अज्ञात वाहन ने रीता सक्सेना को कुचल दिया। इससे वह गंभीर घायल हो गई। वहां से गुजर रहे समाचार पत्र वितरक ने घायल महिला को पहचान लिया। उसने महिला के घरवालों को घटना की जानकारी दी।

पति कमलेश सक्सेना, पुत्र व अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पत्नी को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाने के लिए फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। परिजन ईरिक्शा से घायल को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर देखकर डाक्टर ने महिला को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सैफई मेडिकल कॉलेज तक घायल महिला के पहुंचने की स्थिति न होने पर परिजन उसको एक नर्सिंग होम में ले गए।

वहां डाक्टर न मिलने पर परिजन घायल को दोबारा से लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डा अरविंद कनौजिया ने महिला को मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिजन रोने बिलखने लगे। घटना की जानकारी पर पुलिस लोहिया अस्पताल पहुंची। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमलेश सक्सेना ने बताया कि वह परचूनी की दुकान और फास्ट फूड की ठेली लगाता है। उसके दो पुत्र विकास और निखिल है। परिजनों का  रो-रोक कर बुरा हाल हो गया।

संबंधित समाचार