Jalaun News: दुष्कर्म पीड़िता के पिता की मौत के बाद एसपी का एक्शन, थानाप्रभारी व हल्का इंचार्ज को किया निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में दुष्कर्म पीड़िता के पिता की मौत के बाद एसपी का एक्शन।

जालौन में दुष्कर्म पीड़िता के पिता की मौत के बाद एसपी का एक्शन। एसपी ने थानाप्रभारी व हल्का इंचार्ज को निलंबित कर दिया।

जालौन, अमृत विचार। एट थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज न करके समझौता कराने पर जुटी पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध होकर पीड़िता के पिता ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली थी। इस मामले में गुनाह करने वालों से ज्यादा पुलिस की कार्यशैली गुनहगार बताई गई थी।

तमाम बिन्दुओं पर चर्चा करने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा एक्शन मोड़ में नजर आए। पीड़िता के पिता की चिता ठंडी होने से पहले ही एट थाना के एसएचओ और एसआई दोनों को ही निलंबित कर दिया। इसी के साथ विभागीय कार्रवाई के लिए भी लिखा है।

जानकारी के अनुसार एट थाना क्षेत्र के एक गांव में 2 माह पहले अपनी दादी के साथ रह रही एक नाबालिक से 2 लोगों ने दुष्कर्म कर डाला था। इस दर्द को किशोरी अपने सीने में छिपाए रही और जब दूसरे प्रांत से काम धंधा से वापस लौटे माता-पिता तो उसने पूरा वाक्या सुनाया। बेटी के साथ दुष्कर्म की बात पर दोनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

अपने आपको संभाला और फिर आरोपितों को सजा दिलाने का संकल्प लेकर वह 31 मई को एट थाने पहुंचा। वहां पर एसएचओ नरेंद्र कुमार गौतम को उसने पूरी घटना बताई थी। बताया जाता है कि उसे पुलिस ने टरका दिया। इसके बाद वह लगातार चक्कर काटता रहा लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। दो जून को उसने जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर दी। इसके बाद भी एसएचओ ने मुकदमा दर्ज करना जरूरी नहीं समझा।

चार जून को उसे थाने बुलाया गया। यहां पर एक बार फिर उससे आरोपित पक्ष से समझौता करने का दबाव डाला गया। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया था कि मेरे पति को प्रताड़ित किया और रात 11 बजे तक थाने में बैठाए रहे। सोमवार को सुबह उन्होंने आत्म हत्या कर ली थी। पत्नी का कहना था कि पुलिस अगर कार्रवााई कर देती तो वह ऐसा कदम नहीं उठाते।

इस पूरे मामले की जांच सीओ कोंच कर रहे है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने प्रथम दृष्टया मुकदमा दर्ज न करने पर एट थाना के एसएचओ नरेंद्र कुमार गौतम और हल्का इंचार्ज एसआई अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसी के साथ विभागीय कार्रवाई अमल में लाए जाने की बात उन्होंने कही है।

संबंधित समाचार