अयोध्या: भीषण गर्मी में 24 घंटे से बिन पानी छटपटा रही है 40 हजार की आबादी, छह जगह अब तक टूटी पाइप लाइन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/अमृत विचार। करीब 24 घंटे से अधिक करीब 40 हजार की आबादी बिन पानी बिलबिला रही है। रामपथ का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था की लापरवाही से छह जगहों पर टूटी पाइप लाइनों के कारण अमानीगंज से लेकर नियावां तक जलापूर्ति ठप हो गई है। मंगलवार दोपहर दो बजे के बाद से ठप जलापूर्ति बुधवार दोपहर तीन बजे तक भी बहाल नहीं हुई थी।

निर्माण एजेंसी की लापरवाही का आलम यह है कि मरम्मत के नाम पर जलकल से जलापूर्ति तो बंद करा दी लेकिन मरम्मत अभी तक नहीं पूरी की, जिसके चलते एक बार फिर पखवारे भर पहले उपजा संकट लोगों को त्राहि-त्राहि के लिए मजबूर कर रहा है। रामपथ का निर्माण कर रही एजेंसी आर एंड सी द्वारा कराए जा रहे खोदाई कार्य के कारण सोमवार रात को नहरबाग क्षेत्र में चार और अंगूरीबाग बाग में दो स्थानों पर नगर निगम के जलकल विभाग की पाइप लाइनें बुरी तरह डैमेज हो गईं थीं। 

बताया जाता है कि खोदाई के लिए लगाई गई जेसीबी ने इन स्थानों पर वाल्व समेत पाइप लाइनें उखाड़ दी, जिसकी वजह से तीन दुकानों के बेसमेंट में तो पानी भरा ही साथ ही जलापूर्ति भी बाधित हो गई। गुस्साए लोगों ने जब इसकी सूचना एजेंसी को दी तो उसके जिम्मेदारों ने जलकल को अमानीगंज मुख्य नलकूप से जलापूर्ति बंद करने को कह दिया। 

एजेंसी ने जलकल के सुपर वाइजर को बताया कि मरम्मत होनी है इसलिए जलापूर्ति बंद कर दी जाए। सुपरवाइजर अवनीश ने बुधवार को बताया कि एजेंसी ने मंगलवार रात आठ बजे तक जलापूर्ति बंद करने के लिए कहा था, लेकिन बुधवार जब गुरूप पर सूचना दी गई तो और समय मांगा। 

उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है वहां मरम्मत में अधिक से अधिक आठ से दस घंटे लगते हैं लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक मरम्मत नहीं पूरी हुई है। वहीं आर एंड सी के इंजीनियर प्रदीप शुक्ला ने बताया कि नहरबाग में चार स्थानों पर टूटी पाइप लाइनें बना ली गई है शेष भी शाम तक दुरुस्त हो जायेगी।

उन्होंने बताया कि किसी तरह की लापरवाही एजेंसी द्वारा नहीं बरती जा रही है, खोदाई होगी तो पाइप लाइन चपेट में आएगी ही। हालांकि संवाददाता ने खुद नहरबाग, अंगूरीबाग और साहबगंज में पड़ताल की तो खोदाई से बुरी दशा पाई गई। लोगों ने बताया कि रोजाना परेशानी बढ़ती जा रही है। कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

इन इलाकों में छाया है जलापूर्ति का अभूतपूर्व संकट
अमानीगंज मुख्य नलकूप से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति संकट बरकरार है। जलकल के अनुसार 38 नलकूप बंद है और करीब चालीस हजार की आबादी प्रभावित है। अमानीगंज, साहबगंज, खवासपुरा, रीडगंज, गुदड़ीबाजार, राठहवेली, अंगूरीबाग, नहरबाग,शास्त्रीनगर, गौरा पट्टी, नियांवा, आदि इलाकों में जलापूर्ति बाधित है। जलकल के अधिशासी अभियन्ता अनूप सिंह ने बताया कि निर्माण एजेंसी मरम्मत के बाद सूचना देगी तभी मुख्य नलकूप से जलापूर्ति की जायेगी। उन्होंने बताया कि लगातार एजेंसी के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ कोर्ट में हिस्ट्रीशीटर संजीव जीवा की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या, वकील हुए उग्र - पुलिस पर पथराव

संबंधित समाचार