हरदोई : पैसे मांगने पर भाजपा नेता ने साथियों संग दुकानदार के घर पर बोला धावा, पांच घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हरदोई । यूपी पुलिस ने एक बार फिर सत्ता की हनक के आगे घुटने टेक दिए। भाजपा मण्डल उपाध्यक्ष ने पैसे मांगने पर दुकानदार के घर पर धावा बोल कर पांच लोगों को ज़ख्मी कर दिया। उसकी इस गुंडई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद भी पुलिस ने कानून को बताते हुए उल्टे दुकानदार के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। हालांकि एएसपी पूर्वी नृपेंद्र सिंह का कहना है कि दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

बताया गया कि साण्डी थाने के जटपुरा गांव में पैसे मांगने को लेकर भाजपा के ग्रामीण मण्डल उपाध्यक्ष की खुलेआम गुंडई सामने आई है। जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिसमें ग्रामीण मण्डल उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने अपने साथियों के साथ एक दुकानदार के घर पर धावा बोल दिया और उसके घर के पांच लोगों को बुरी तरह ज़ख्मी कर दिया। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां के डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कालेज के लिए रिफर कर दिया। भाजपा के ग्रामीण मण्डल उपाध्यक्ष की गुंडई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की मनमानी सामने आई है। उसने दुकानदार की तहरीर पर मामला दर्ज किया लेकिन साथ ही मण्डल उपाध्यक्ष की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज करते हुए अपनी वफादारी साबित कर दी।

दबंगई का शिकार हुए दुकानदार पर भी रिपोर्ट दर्ज होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मण्डल उपाध्यक्ष की गुंडई के वायरल वीडियो चर्चा में बने है। बताते हैं कि भाजपा मण्डल उपाध्यक्ष ग्रामीण पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं, बावजूद इसके उसकी गुंडई कम होने का नाम नहीं ले रही है। एएसपी पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। जिसमें दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - प्रतापगढ़ : पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला आरोपित, पुलिस ने पकड़ा

संबंधित समाचार