संभल: सड़क किनारे मिला ससुराल आए ग्रामीण का शव, फंदे से लटककर जान देने की आशंका
अमरोहा जनपद के रहरा थाना क्षेत्र का रहने वाला था ग्रामीण
फोटो- ग्रामीण का शव मिलने के बाद बिलखतीं परिवार की महिलाएं
संभल, अमृत विचार। शादी समारोह में शामिल होने ससुराल आए अमरोहा जनपद के रहने वाले ग्रामीण का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पास ही उसकी बाइक भी खड़ी मिली। मृतक के गले में दुपट्टा बंधा था। ऐसे में पुलिस फंदे से लटककर जान देने की आशंका जता रही है।
अमरोहा जनपद के रहरा थाना क्षेत्र के गांव उकावली निवासी सुभाष सैनी की नखासा थानाक्षेत्र के भारतल सिरसी में ससुराल है। वह ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। ससुराल वालों का कहना है कि चचेरे साले के लगुन में शामिल होने के बाद सुभाष देर रात बाइक पर सवार होकर अपने गांव जाने को कहकर निकला था। गुरुवार सुबह लोगों ने उसका शव पेड़ के नीचे पड़ा देखा। सूचना पर नखासा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुपट्टे का एक टुकड़ा गले में दूसरा पेड़ से बंधा था
सुभाष का शव गांव से बाहर सड़क किनारे पापुलर के पेड़ के नीचे पड़ा था। उसके गले में दुपट्टा बंधा था। दुपट्टे का एक टुकड़ा पेड़ की डाल पर बंधा हुआ था। फारेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा किये हैं।
यह भी पढ़ें- संभल: क्षेत्र में छुट्टा गोवंश का आतंक, सांड के हमले में व्यक्ति की मौत
