दिल्ली: सड़क दुर्घटना में मध्य प्रदेश के तीन लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका इलाके में एक एसयूवी गाड़ी के मोटरसाइकिल से टकरा जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि उसे बृहस्पतिवार को द्वारका इलाके के एनएलयू लाल बत्ती के पास एक दुर्घटना होने की सूचना मिली। पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम हर्षवर्धन ने कहा कि घायलों को इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया।

ये भी पढ़ें - नहीं की जाएंगी नेताओं को धमकियां बर्दाश्त : देवेंद्र फडणवीस 

उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल पर मोटरसाइकिल और एसयूवी गाड़ी मिली। उन्होंने कहा कि द्वारका सेक्टर-17 के स्पाइन एन्क्लेव निवासी माते (32) और दीक्षा (10) को प्राथमिक उपचार के बाद सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि फूला (30) और लखन (37) को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। उनके अनुसार बाद में दीक्षा ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि ये सभी लोग मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से थे और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। ये दिल्ली में मजदूरी करते थे। पुलिस ने कहा कि फूला, माते की पत्नी थी और लखन उसका साला था।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि माते का बयान दर्ज किया गया और उसने बताया कि वह अपने परिवार के साथ भारत विहार से मोटरसाइकिल पर सेक्टर 17 की ओर जा रहा था तभी सेक्टर 13 की तरफ से आ रही एक एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसयूवी चालक की पहचान अबरार (24) के तौर पर की गई है। वह नजफगढ़ के गोपाल नगर का रहने वाला है और पुलिस ने उसे पकड़ लिया है।

ये भी पढ़ें - आप ने लगाया कर्नाटक सरकार पर झूठे आश्वासन देने का आरोप

संबंधित समाचार