बहराइच : युवक को सांप ने काटा तो डिब्बे में बंद कर पहुंच गया जिला अस्पताल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जनपद के रमपुरवा गांव निवासी एक युवक शनिवार रात में खाना खाने के बाद सोने जा रहा था। तभी उसके पैर में जहरीले सर्प ने काट लिया, इसके बाद पैरों से ही लिपट गया। युवक के साथी ने सांप को डिब्बे में बंद कर लिया। बाइक से सांप और पीड़ित को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टरों की टीम ने सांप को देखकर युवक का इलाज शुरू किया। 

हरदी थाना अंतर्गत रमपुरवा चौकी गांव निवासी शांति भूषण अवस्थी (28) पुत्र संजय अवस्थी के यहां शनिवार रात में वैवाहिक कार्यक्रम था। रात 12 बजे शांति भूषण अवस्थी खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए जा रहे थे। दरवाजे पर पहुंचते ही जहरीले सांप ने काट लिया। इसके बाद सांप युवक के पैर में लिपट गया। संजय ने पास में खड़े परिवार के व्यक्ति से सांप काटने की बात कही। इस पर व्यक्ति ने उजाले में देखा तो सांप पैर में लिपटा था। इस पर युवक ने पैर को झटका दिया। सांप के नीचे गिरते ही उसे डिब्बे में बंद कर लिया। इसके बाद बाइक से मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। 

23 (24)

यहां पर सांप को दिखाते हुए पूरी कहानी बताई। सांप को देख अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। सभी दूर भागने लगे। ईएमओ डॉक्टर अंकित त्रिपाठी ने बताया कि सांप जहरीला है। सांप को देखने के बाद युवक का इलाज शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि इलाज में सुधार है। लेकिन 24 घंटे तक उसे निगरानी में रखा जायेगा।


ये भी पढ़ें - लखनऊ : नकल करने वाले को सात और सॉल्वर गैंग को 14 साल की सजा दिलाने की तैयारी में योगी सरकार

संबंधित समाचार