Banda Crime : पुलिस मुठभेड़ में हत्थे चढ़ा बैंक लूटने का आरोपी, 25 हजार का ईनाम था घोषित, जानें- पूरा मामला
बांदा में पुलिस मुठभेड़ में हत्थे चढ़ा बैंक लूटने का आरोपी।
बांदा में पुलिस मुठभेड़ में बैंक लूटने का आरोपी हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार का ईनाम घोषित किया था।
बांदा, अमृत विचार। आयावर्त बैंक कोर्रही में सात बदमाशों के द्वारा बैंक को लूटने का प्रयास किया गया था। इस मामले में मौके पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए पांच बदमाशों को धर दबोचा था। जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे। सोमवार को दोपहर पुलिस ने एक और बदमाश को मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके ऊपर 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित था। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव स्थित आर्यावर्त बैंक में एक पखवारा पहले सात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था। लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। सभी बदमाश मौके से फरार हो गए थे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस, डाग एस्कवायड की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले की जांच पड़ताल की थी। पुलिस ने पांच बदमाशों को घेराबंदी करते हुए पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
दो बदमाश शकील अहमद उर्फ सलमान उर्फ सुनील पुत्र नत्थू निवासी कोर्रही और एक अन्य बदमाश फरार चल रहे थे। शकील पर 25 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस दोनो बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चेकिंग करने के साथ ही दबिश दे रही थी। सोमवार की दोपहर बिना नंबर प्लेट की बाइक लेकर शकील कहीं जा रहा था। तभी बिलगांव और अलिहा रोड पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने अपना बचाव करते हुए बदमाश पर फायर कर दिया। गोली शकील के दाहिने पैर में लगी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस के साथ बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी राकेश कुमार तिवारी, थानाध्यक्ष बिसंडा कृष्णदेव त्रिपाठी, निरीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह एसओजी, उप निरीक्षक सुभाषचंद्र चौकी प्रभारी ओरन, उप निरीक्षक राजनारायण नायक, वीर प्रताप, अश्विनी प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह, नीतेश समाधिया, अमित, जितेंद्र, मुकेश आदि मौजूद रहे।
