चेतावनी: मानकों के अनुरूप हों अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग रेंज के हथियार और उपकरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी की ओर से बरेली राइफल क्लब में सात करोड़ की लागत से बनाई जा रही शूटिंग रेंज के लिए घटिया स्तर के हथियारों और उपकरणों की खरीद की तैयारी का उत्तर प्रदेश शूटिंग राइफल एसोसिएशन यानी यूपीएसआरए ने गंभीर संज्ञान लिया है। एसोसिएशन ने राइफल क्लब के जिम्मेदार अधिकारियों को आगाह किया है कि शूटिंग रेंज के लिए हर हालत में आईएसएसएफ के मानकों के मुताबिक ही हथियार और उपकरण खरीदे जाएं।

बरेली राइफल क्लब में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज बनाने का दावा किया जा रहा है लेकिन इसके लिए हथियारों और उपकरणों की खरीद के लिए जिन कंपनियों से संपर्क साधा गया है, उसको लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अमृत विचार में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद अब इसका यूपीएसआरए की ओर से संज्ञान लिया गया है। एसोसिएशन ने शूटिंग रेंज के लिए अनिवार्य तौर पर आईएसएसएफ से स्वीकृत उपकरण और हथियार ही खरीदने को अनिवार्य बताया है।

एसोसिएशन के ऑनरेरी सेकेट्री जनरल जीएस सिंह ने इस संबंध में प्रमुख सचिव नगर विकास को पत्र जारी किया है। इस पत्र में कहा गया है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बरेली में बन रही शॉटगन के साथ 10मीटर, 25 मीटर, 50 मीटर की रेंज के लिए इंटरनेशनल शूटिंग स्पोटर्स फेडरेशन (आईएसएसफ) की ओर से स्वीकृत और सूचीबद्ध उपकरण और हथियार खरीदना सुनिश्चित किया जाए। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि शॉटगन मातरेली या लैपोर्ट कंपनी की होनी चाहिए। इसी तरह 10मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर की रेंज पर सिउस या दूसरी अनुमोदित कंपनियों के उपकरण लगने चाहिए।

उपकरण मानकों के अनुरूप न हुए तो प्रभावित होगा प्रदर्शन, खतरा भी रहेगा
यूपीएसआरए के ऑनरेरी सेकेट्री जनरल जीएस सिंह ने अपने पत्र की प्रतियां कमिश्नर सौम्या अग्रवाल और स्मार्ट सिटी की सीईओ निधि गुप्ता वत्स को भी भेजी हैं। इसमें कहा गया है कि शूटिंग रेंज के लिए हथियार और उपकरण खरीदने में अगर मानकों का पालन न किया गया तो इससे खिलाड़ियों की सुरक्षा के साथ उनका प्रदर्शन भी प्रभावित होगा। यानी शूटिंग रेंज कहने भर को ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर रह जाएगी। एसोसिएशन के पत्र में एग्जीक्यूटिव कमेटी भी यूपीएसआरए के नियमों के तहत गठित करने का सुझाव दिया गया है। बता दें कि इस पर भी सवाल उठते रहे हैं।

सुरक्षा मानकों पर भी जताई चिंता, साझा की जाएगी जानकारी
बरेली राइफल क्लब में इनडोर शूटिंग रेंज के साथ आउटडोर शूटिंग रेंज भी तैयार की जा रही है। यूपीएसआरए दोनों शूटिंग रेंज के सुरक्षा मानकों की जानकारी भी बरेली राइफल क्लब के साथ साझा करेगा। बता दें कि शूटिंग रेंज में इस्तेमाल किए जाने वाले .22, .32 बिग बोर, स्माल बोर और शॉट गन जैसे कई हथियारों की मारक क्षमता दो किलोमीटर तक है। इसी कारण रेंज के इर्दगिर्द आबादी और प्रशासनिक अधिकारियों के आवास होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी को देखते हुए मानकों पर विचार करने की संस्तुति की गई है।

ये भी पढे़ं- बरेली: आईजीआरएस निस्तारण में जिले के 12 थाने अव्वल, पुलिसकर्मी सम्मानित

 

 

संबंधित समाचार