अयोध्या: सीओ रेलवे ने लिया थाने व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, लंबित प्रकरणों के निस्तारण और सतर्कता की दी हिदायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/अमृत विचार। राजकीय रेलवे पुलिस लखनऊ अनुभाग प्रथम के क्षेत्राधिकारी ने मंगलवार को अयोध्या कैंट रेलवे थाने और सुरक्षा व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और अयोध्या की संवेदनशीलता के मद्देनजर विशेष सतर्कता की हिदायत दी है।
   
बताया गया कि अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे उपाधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने जीआरपी थाना पहुंच कार्यालय, मालखाना, बंदीगृह तथा अभिलेखों व रजिस्टरों का जायजा लिया और उनका रखरखाव देखा। थाने में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण में मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, कर्मचारी बैरक, भोजनालय आदि का भी जायजा लिया। उप निरीक्षकों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। 

साथ ही सैनिक सम्मेलन कर रेलवे पुलिस के कर्मचारियों और अधिकारियों की समस्याओं और शिकायतों को जाना तथा अयोध्या की संवेदनशीलता के मद्देनजर सभी को हर समय मुस्तैद व सतर्क रहने तथा आने-जाने वाली ट्रेनों में निरंतर चेकिंग अभियान चलाने और विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। थाने के प्रभारी निरीक्षक एसपी शुक्ला ने बताया कि राजकीय संपत्ति के मिलान और निरीक्षण में सभी राजकीय  संपर्क ठीक मिली है। साफ  सफाई और अभिलेखों आदि का रखरखाव भी दुरुस्त पाया गया।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बोर्ड ने खारिज कर दिया गृहकर लगाए जाने का प्रस्ताव, गोसाईगंज नगर पंचायत की बैठक में लाए गए 24 प्रस्ताव

संबंधित समाचार