संभल: ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत, 10 घायल
रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहा था परिवार, गवां मार्ग पर सोमवार देर रात हुआ हादसा
हादसे के बाद परिजनों से जानकारी लेती पुलिस।
संभल, अमृत विचार। गवां मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में बहन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे भाई की मौत हो गई जबकि ई-रिक्शा चालक सहित 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव जिगनिया निवासी इंद्रवती की सोमवार को मौत हो गई थी। बहन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव मोतीनगर निवासी 55 वर्षीय रमेश अपनी पत्नी, पुत्र व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आया था। सोमवार को आधी रात के बाद सभी लोग ई-रिक्शा में सवार होकर अपने घर जा रहे थे।
गवां मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के लगते ही ई-रिक्शा में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में रमेश, उसकी पत्नी प्रेमवती, बेटा राजकुमार व पुत्रवधू मलका, जगत सिंह की पत्नी मुन्नी, सचिन, उसकी पत्नी कविता, नरेश की पत्नी विनीता व पुत्री मानी, नूरियो सराय निवासी पातीराम और कमालपुर सराय निवासी ई-रिक्शा चालक भूपेंद्र घायल हो गये। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टर ने रमेश को मृत घोषित कर दिया।
घायलों को किया गया हायर सेंटर रेफर
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर नौ घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। ई-रिक्शा चालक भूपेंद्र को ज्यादा चोट नहीं थी, इसलिए उसे उपचार के बाद घर भेज दिया गया। थाना प्रभारी करम सिंह पाल ने बताया कि मृतक रमेश के बेटे की तहरीर पर मंगलवार को अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : आखिर क्यों युवती ने बीच चौराहे पर छिड़क लिया पेट्रोल, जानिए पूरा मामला
