पशुओं के लिए करें छांव की व्यवस्था, लापरवाही पर होंगे दंडित : BDO
बड़ागांव/ अयोध्या, अमृत विचार। विकासखंड सोहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत पिरखौली में बने अस्थाई पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण खंड विकास अधिकारी भावना यादव ने शुक्रवार को किया।
खंड विकास अधिकारी ने गौशाला में लगभग दो घंटे तक घूम-घूमकर पशु आश्रय में रह रहे जानवरों की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पशुओं के लिए भूसा, पानी, पशु आहार, हरा चारा, एवं गौशाला में शेड की साफ-सफाई परखी। निरीक्षण में भूसा-3500 सौ कुंतल, पशु आहार-10 कुंतल, हरा चारा-50 बीघे में बोया पाया गया। बताया गया कि पशुओं को बराबर खिलाया जा रहा है।
पशु आश्रय पिरखोली की व्यवस्था से संतुष्ट खंड विकास अधिकारी भावना यादव ने बताया गौशाला संचालक कप्तान तिवारी को साफ-सफाई एवं पशुओं को समय पर चारा पानी आदि दिया जाए और धूप से बचाव का निर्देश दिया गया है। कहा अगर पशुओं के साथ उनकी व्यवस्था में कोई कोताही बरती जाती है तो सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उनके साथ एडीओ आईएसबी मनोज तिवारी, एडीओ समाज कल्याण शशांक चतुर्वेदी भी रहे।
ये भी पढ़ें - गौतमबुद्ध नगर : आठवीं मंजिल की बालकनी से गिरा पांच साल का बच्चा, मौत
