मुरादाबाद: स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट होगी ट्रैफिक व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। स्मार्ट सिटी की तर्ज पर अब शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी स्मार्ट करने की तैयारी है। नगर निगम के साथ मिलकर ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने की पहल शुरू कर दी है। सब कुछ प्लान के तहत हुआ तो जल्द ही शहर की सड़कों पर ट्रैफिक फर्राटा भरता हुआ …

मुरादाबाद,अमृत विचार। स्मार्ट सिटी की तर्ज पर अब शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी स्मार्ट करने की तैयारी है। नगर निगम के साथ मिलकर ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने की पहल शुरू कर दी है। सब कुछ प्लान के तहत हुआ तो जल्द ही शहर की सड़कों पर ट्रैफिक फर्राटा भरता हुआ नजर आएगा।

वहीं, बेतरतीब बाइक दौड़ाने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। हाईस्पीड वाहनों को चेक करने के लिए सेंसर बोर्ड के साथ ही कैमरे लगवाए जाएंगे ताकि उनकी स्पीड कैप्चर करके उनका चालान काटा जा सके। वहीं, वाहन सुचारू रूप से चल सकें, इसके लिए कई मार्ग वन-वे करने के साथ ही जगह-जगह डिवाइडर लगाने की भी तैयारी है। वहीं, फव्वारा चौक का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने अपना प्लान नगर निगम को भेज दिया है।

महानगर में लगने वाले जाम से हर कोई वाकिफ है। शहर की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक से यातायात व्यवस्था धड़ाम हो चुकी है। खास तौर पर सोमवार और बुधवार को प्रमुख चौराहों, सड़कों और बाजारों का हाल यह हो जाता है कि वाहन निकालना तो दूर पैदल निकलना तक दुश्वार हो जाता है। जाम के बोझ से शहर रोजाना हांफता नजर आता है।

खास तौर पर पीलीकोठी से कटघर तक, लोकेशेड पुल से लाकड़ी फाजलपुर तक, कपूर कंपनी पुल से रेलवे अस्पताल तक, बुधबाजार से लेकर मंडी चौक तक पूरा इलाका जाम की गिरफ्त में होता है।

इसके अलावा नागफनी और मुगलपुरा थाना क्षेत्र में पड़ने वाले बाजारों में अक्सर जाम लगा रहता है। गनीमत यह है कि इस वक्त कोरोना संक्रमण के कारण हर शनिवार और रविवार लाकडाउन रहता है। जिस कारण इन दो दिन शहरवासियों को कुछ राहत मिलती है लेकिन बाकी दिन शहरवासियों का जाम के झाम से जूझना पड़ता है।

लगेंगे सेंसर बोर्ड और वन वे होगा ट्रैफिक
जाम से निजात दिलाने के लिए काफी समय पहले शहर के ट्रैफिक को स्मार्ट करने की तैयारी की गई थी। नगर निगम के अफसरों ने इसके लिए ट्रैफिक पुलिस से सुझाव मांगे थे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर प्लान तैयार किया गया। इसके तहत ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए कई परिवर्तन करने की तैयारी है। पीलीकोठी से रामगंगा विहार तक कई स्थानों पर डिवाइडर लगाने की तैयारी है। दिल्ली मार्ग एवं आरटीओ कार्यालय की ओर जाने वाले रास्ते पर भी डिवाइडर लगाए जाएंगे। इस रूट पर कुछ मार्गों को वन-वे भी किया जाएगा। हालांकि, मार्गों का चिह्नीकरण निगम के साथ मिलकर किया जाएगा। सेंसर बोर्ड व कैमरे लगाए जाएंगे ताकि हाईस्पीड वाहनों के आते ही सेंसर बोर्ड और कैमरे एक्टिव हो जाएं और चालान काटने में आसानी रहे।

सिस्टम सुधारने को महानगरवासियों से ली जाएगी राय
मुरादाबाद। तय प्लान के अलावा फौरी तौर पर ट्रैफिक सिस्टम को सुधारने के लिए महानगरवासियों की भी राय ली जाएगी। एसएसपी ने इसकी जिम्मेदारी एसपी सिटी व एसपी ट्रैफिक को सौंपी है। दोनों अफसर समय-समय पर वेबिनार के जरिए महानगरवासियों से संपर्क करेंगे। साथ ही जाम से कैसे निजात दिलाई जाए, इस पर चर्चा करेंगे। मसलन- कहां पर पुलिस पिकेट बढ़ाई जाए, बाजारों की ओर जाने वाले किन मार्गों को वन-वे किया जाए। खास तौर पर थ्री व्हीलर्स का आवागमन कहां प्रतिबंधित हो, जैसे तमाम बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।

ट्रैफिक सिस्टम को बेहतर करने के लिए काफी समय पहले नगर निगम की पहल पर प्रस्ताव भेज दिया गया। फिलहाल वेबिनार के जरिए जाम से निजात दिलाने के लिए शहरवासियों से राय मांगी जाएगी। इसके आधार पर सिस्टम को सुधारने का प्रयास किया जाएगा।

-अशोक कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक

संबंधित समाचार