Kanpur Accident : घाटमपुर में ट्रक ने बाइक सवार छात्रों को कुचला, दोनों की मौत, परिजन रो-रोकर हुए बेहाल
कानपुर के घाटमपुर थानाक्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा।
कानपुर के घाटमपुर थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार छात्रों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। घाटमपुर थानाक्षेत्र के पतारा मे तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक सवार छात्रों को कुचल दिया। हादसे मे बाइक सवार दोनों छात्रों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पतारा क़स्बा निवासी अभिषेक दिवाकर 18 इंटर का छात्र था। शनिवार सुबह वह रायपुर गांव निवासी अपने दोस्त अंकुश कुमार 22 के साथ पतारा कस्बे के स्टेशन रोड पर स्थित कोचिंग सेंटर से कोचिंग पढ़कर लौट रहे थे। इसी दौरान कानपुर-सागर हाइवे पर पहुंचते ही ट्रक ने बाइक सवार छात्रों को कुचल दिया। हादसे में दोनों छात्रों की मौत हो गई।
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने दौड़ाकर धरमपुर बम्बा के पास से ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घाटमपुर थाना प्रभारी का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
