Etawah News: सब्जी बेच कर घर जा रहे दुकानदार को गोली मारी, लूट का आरोप, पुलिस ने घटना को बताया संदिग्ध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में सब्जी बेच कर घर जा रहे दुकानदार को गोली मारी।

इटावा में सब्जी बेच कर घर जा रहे दुकानदार को गोली मारी। पीड़ित ने लूट के आरोप लगाए। पुलिस ने लूट की घटना को संदिग्ध बताया।

इटावा, अमृत विचार। बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अहेरीपुर निवाड़ीकला मार्ग  से सब्जी बेचकर बाइक से अपने  घर जा रहे सब्जी विक्रेता को शुक्रवार रात्रि करीब साढ़े नौ बजे  अज्ञात बदमाशों ने  गोली मार दी थी। बदमाशों की गोली से घायल सब्जी विक्रेता ने 25 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया।

पुलिस लूट की वारदात से इंकार कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि गोली लगने के बाद भी बाइक चलाते हुए  घायल सब्जी विक्रेता  तकरीबन  तीन सौ  मीटर दूरी तक बाइक  चलता रहा। उसकी बाइक किसी भी जगह गोली लगने के बाद भी गिरी नहीं थी। जांच के दौरान गोली लगने की घटना के साथ लूट की वारदात सही प्रतीत नहीं होती। 

गोली लगने से घायल सब्जी विक्रेता हरिश्चंद्र बाबू को पुलिस के पहुंचने से पहले परिजन  ऑटो से बकेवर थाना पर लेकर आ गए थे।  थाना प्रभारी ने  घायल व्यक्ति को एक निजी गाड़ी से तत्काल जिला अस्पताल ले गए। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सत्यपाल सिंह, सीओ  चकरनगर राकेश वशिष्ठ, बकेवर थाना के एसएसआई विश्वनाथ मिश्रा व क्राइम ब्रांच की टीम, कोतवाल सदर विक्रम सिंह चौहान,  भरथना थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी, लवेदी थाना प्रभारी गणेश शंकर द्विवेदी सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा।

देर रात तक पुलिस  घटना स्थल पर गोली मारने वालों के बारे में सुराग तलाशती  रही। पुलिस को बाइक सवार लुटेरों  के बारे में कोई सुराग नही लगा। घायल सब्जी विक्रेता के सगे भतीजे दीपू के प्रार्थना पत्र  के आधार पर पुलिस  ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि अभी तक सब्जी विक्रेता के साथ लूट के बाद गोली मारने के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। गोली मारने वाले बाइक पर सवार लुटेरों के कोई सुराग नहीं लगा पाई है। घायल सब्जी विक्रेता का सैफई मिनी पीजीआई में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।

संबंधित समाचार