मणिपुर के 10 प्रमुख विपक्षी नेताओं की मोदी से मिलने की गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। मणिपुर के 10 विपक्षी दलों के नेता राज्य में जारी हिंसा की स्थिति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत कराने के लिए उनसे मिलने की गुहार लगा रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि विदेश यात्रा पर जाने से पहले प्रधानमंत्री उन्हें समय देंगे।

कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने शनिवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वे पिछले 10 जून से श्री मोदी से मिलने का समय मांग रहे हैं लेकिन उन्हें समय नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री 20 जून को विदेश यात्रा पर जाने से पहले उन्हें समय देंगे।

मणिपुर के विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा है कि राज्य सरकार हिंसा रोकने में विफल हो गई है इसलिए उम्मीद अब सिर्फ प्रधानमंत्री पर टिकी है इसलिए प्रदेश के विभिन्न दलों के नेता उन्हें मिलकर ज्ञापन देंगे और उनसे राज्य में शांति बहाली की अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि मणिपुर जल रहा है।

राज्य में सरकारी और निजी संपत्तियों का इस हिंसा के कारण भारी नुकसान हो रहा है। लोग मारे जा रहे हैं। बेघर हो रहे हैं और अस्थाई शिविरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं। विपक्ष के नेताओं ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य का दौरा किया था। वह तीन दिन तक राज्य में रहे लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

उनके दौरे का कोई असर नहीं हुआ और मणिपुर में हिंसा थम नहीं रही है। गृहमंत्री जब वहां थे तो उस दौरान भी हिंसा होती रही और वह भी स्थिति को नियंत्रित करने में असफल रहे है। उन्होंने कहा कि अब आखिरी उम्मीद श्री मोदी से है और उन्हें विश्वास है कि विदेश यात्रा पर जाने से पहले श्री मोदी उन्हें समय देंगे और मणिपुर की स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे। 

ये भी पढ़ें : मैं कुएं में कूद जाऊंगा, पर....' कांग्रेस में शामिल होने की सलाह पर गडकरी का जवाब

संबंधित समाचार