Theft News: Kanpur Dehat में कारोबारी समेत तीन घरों में आठ लाख की चोरी, Kannauj में किशोर ने खाली मकान में की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात और कन्नौज में चोरी।

कानपुर देहात के रसूलाबाद में कारोबारी समेत तीन घरों से चोरों ने आठ लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ऐसे ही कन्नौज में भी दिनदहाड़े खाली मकान से किशोर ने नगदी समेत लाखों के जेवरात चोरी किए।

कानपुर टीम, अमृत विचार। कानपुर देहात के रसूलाबाद में कारोबारी समेत तीन घरों से चोरों ने आठ लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ऐसे ही कन्नौज में भी दिनदहाड़े खाली मकान से किशोर ने नगदी समेत लाखों के जेवरात चोरी किए। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।

कानपुर देहात

कारोबारी समेत तीन घरों में आठ लाख की चोरी

कस्बा के गांधीनगर व विकासनगर में चोरों ने रविवार रात धावा बोलकर सात घरों से लगभग 12 लाख रुपये के जेवरात व नगदी पार कर दी। सभी घरों के लोग गर्मी की वजह से छत पर सोए थे। जिससे उन्हें चोरी की भनक नहीं लगी। पुलिस ने पीड़ित परिवारों के अनुसार डेमो कर जब घटनाक्रम का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने 62 हजार रुपये व कुछ सोने के जेवरात मौके से बरामद किए हैं।

रसूलाबाद के गांधीनगर निवासी सबसे अधिक नुकसान उठाने वाले बिल्डिंग मैटेरियल विक्रेता मोहित गुप्ता ने एक दिन पूर्व ही कर्मचारी से विवाद होने की बात कह कर अपना शक जाहिर किया। रविवार रात ढाई बजे मिली चोरी की सूचना पर सक्रिय हुए थाना प्रभारी सुरजीत सिंह व कस्बा इंचार्ज उम्मेद सिंह चौहान ने आरोपी कर्मचारी सहित चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

कारोबारी ने पुलिस को बताया कि वह रविवार रात पत्नी पूजा, झींझक निवासी साढ़ू विकास व साली ज्योति के साथ छत पर सोया था। मकान के बाएं ओर मौरंग के ढेर लगे हैं। इन्हीं ढेर पर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते चोर घर में घुसे और सेफ के ऊपर रखी चाबी से खोलकर रखे तीन लाख रुपये, एक सोने का हार, चार चूड़ियां, चैन व पांच अंगूठियां पार कर ले गए। इसके बाद चोरों ने कुछ दूरी पर रवि शंकर के मकान को अपना निशाना बनाया। वह पत्नी शारदा व बच्चों के साथ छत पर सोए थे।

पीछे बने खंडहर से चोर उनकी छत पर चढ़े और जीने से उतरकर घर में घुस गए। इसके बाद कमरे में रखा बक्सा तोड़कर पायल, बेसर, मंगलसूत्र व 14 हजार रुपये ले गए। इसके बाद चोर प्रवीण के घर में घुसे और कमरे में सेफ की चाभी भी चोरों को मिल गई। जिससे सेफ खोलकर मंगलसूत्र, तोड़िया और तीन हजार रुपये ले गए। जबकि विकास नगर नई बस्ती निवासी मंगल सिंह तोमर पत्नी दिव्या व साली के साथ छत पर सोए थे। तभी चोर बगल में निर्माणाधीन मकान से छत पर पहुंच गए और सीढ़ी के रास्ते घर में घुस गए।

इसके बाद सेफ खोलकर झाले, मंगलसूत्र, अंगूठी सहित अन्य जेवरात चोरी कर ले गये। विकासनगर झींझक रोड निवासी सगे भाई मुस्लिम, मुकीम व इकलाख परिवार सहित छतों पर सोए थे। पीछे से घुसे चोर बक्से मे रखे जेवरात चोरी कर ले गए। जानकारी पर सभी जगहों पर पुलिस पहुंची और छानबीन की।

इसके बाद फॉरेंसिक व डाग स्क्वायड टीम ने जांच के दौरान मोहित गुप्ता के घर से उनकी पैंट की जेब में पड़े 50 हजार रुपये, ड्रेसिंग टेबल में रखे 12 हजार रुपये, सोने की दो अंगूठियां व एक पेंडल बरामद किया। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि चोरी की घटनाएं संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। डेमो के अनुसार जब मौरंग के ढेर पर सीढ़ी लगाकर एक व्यक्ति को ऊपर चढ़ाया तो सीढ़ी लगभग डेढ़ फुट नीचे मौरंग में धंस गई।

इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को उसके घर में पैंट की जेब से नगदी व जेवरात मिले हैं। फिलहाल चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

रात भर खुलती दुकानों में जुटते संदिग्ध
कस्बा के आजाद चौक के पास कुछ दुकानदार पुलिस की लापरवाही के चलते 24 घंटे दुकान खोलते हैं। जिससे गस्ती पुलिस किसी व्यक्ति को जब टोकती है तो वह चाय पीने या गुटखा खाने की बात कहकर पुलिसिया पूछताछ से बच जाते हैं। इसके साथ ही 24 घंटे खुलने वाली दुकानों में रात के समय नशेबाज एकत्र होकर आपस में गालीगलौज व हंगामा करते हैं। जिससे आजाद चौक के रहने वाले परिवार परेशान होते हैं।

कन्नौज

दिनदहाड़े खाली मकान से लाखों के जेवर चोरी

दिनदहाड़े किशोर ने घर में घुसकर नगदी समेत लाखों के जेवरात उस समय पार कर दिए जब परिवार खेतों पर गया था। ग्रामीणों ने किशोर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। 

खड़नी चौकी के नगला भगू गांव निवासी रामवीर शाक्य सोमवार को परिवार के साथ खेतों पर काम करने गए थे। मकान बंद था। इस दौरान पड़ोसी गांव निवासी किशोर पीछे से छत के रास्ते मकान में घुस गया। अलमारी समेत बक्सों के ताले तोड़ते हुए 1200 रुपये की नगदी समेत एक जंजीर, एक अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी चोरी कर ली और भागने की फिराक में था।

तभी शक होने पर ग्रामीणों ने पकड़कर पूछताछ करते हुए घटना को परिवार को अवगत कराया। किशोर के पास से नगदी मिल गई लेकिन जेवर न मिलने पर पुलिस के हवाले किया गया। दिनदहाड़े हुई घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चौकी पुलिस किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

संबंधित समाचार