शाहजहांपुर: घर के अंदर घसीटकर ले गए व्यक्ति की पीटकर हत्या, आंखें फोड़ दी
पानी की टंकी लगाने पर हुआ विवाद, पुलिस कई लोगों को हिरासत में लिया
तिलहर/शाहजहांपुर, अमृत विचार। सुनौरा अजमतपुर गांव में पानी की टंकी लगाने के विवाद को लेकर आरोपियों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और घसीटकर मकान में ले गए। आरोपियों ने उसकी लाठी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया और दोनों आंखे फोड़ दी। घटना के बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान के अंदर से शव बरामद कर लिया। मुख्य आरोपी भाग गया और अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति है।
थाना क्षेत्र के गांव सुनौरा अजमतपुर निवासी 55 वर्षीय अशोक कुमार मकान के बाहर सरकारी जमीन पर पानी की टंकी लगवा रहे थे। अशोक के ताऊ के बेटे राजेंद्र सिंह ने पानी टंकी लगाने का विरोध किया। विरोध इतना बढ़ गया कि आरोपी अशोक सिंह को मारते पीटते हुए घसीट कर मकान के अंदर ले गए। मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और आरोपियों ने उसकी लाठी-डंडे से पीटकर मारडाला। परिवार वालों का आरोप है कि लाइसेंसी बंदूक और तमंचे से उसकी आंखें फोड़ डाली।
आरोपियों ने असलहा दिखाकर धमकी दी थी कि किसी ने आवाज उठायी तो उसे भी मौत के घाट उतार दिया जाएगा। आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर सीओ तिलहर और प्रभारी निरीक्षक गांव में पहुंचे और आरोपी के मकान के अंदर से अशोक को खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पाया। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर गई। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी दोनों आंखे फूटी हुई थी। मृतक अशोक सिंह का आरोपी राजेंद्र सिंह का घूरा डालने को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था।
उसका बेटा विजय सिंह राजस्थान में प्राइवेट नौकरी करता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी राजेंद्र सिंह के परिवार के कमलेश सिंह, अखिलेश सिेह, सदावती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जबकि मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह की तलाश कर रही है। गांव में तनाव की स्थिति है। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है। मृतक का पुत्र विजय सिंह राजस्थान से आ रहा है, उसकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक अशोक सिंह की पत्नी का नाम लौका देवी, बेटे का नाम विजय सिंह और दो पुत्रियां वंदना सिंह व संध्या है। संध्या की शादी दिल्ली और वंदना सिंह की अजीजपुर नौगवां में हुई थी। उसका बेटा विजय सिंह राजस्थान में प्राइवेट नौकरी करता है। पिता की मौत की खबर सुनकर बेटा राजस्थान से चल दिया है। अशोक सिंह किसान थे। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचा तो परिवार में रोना पिटना मच गया। इधर मौत की खबर से गांव सन्नाटा पसर गया।
गांव में पुलिस फोर्स तैनात
सुनौरा अजमतपुर में तनाव की स्थिति को लेकर एक दरोगा, दो सिपाहियों की डयूटी लगा दी गई है। प्रभारी निरीक्षक और चीता मोबाइल को निर्देश दिए गए है कि गांव का बराबर भ्रमण करेंगे। तहरीर में मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है- प्रयांक जैन, सीओ तिलहर।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: ट्रक से कुचलकर अधिवक्ता के भाई की मौत, परिवार में मचा कोहराम
