Jalaun में केशव मौर्य ने विपक्षियों पर किया प्रहार बोले- सपा, बसपा की सरकार ने बुंदेलखंड को किया बर्बाद
Jalaun में केशव मौर्य ने विपक्षियों पर किया प्रहार।
Jalaun में केशव मौर्य ने विपक्षियों पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा की सरकार ने बुंदेलखंड को बर्बाद किया।
जालौन, अमृत विचार। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने मंगलवार को उरई में आयोजित जनसभा में कहा कि भाजपा आपका वोट कर्ज के रूप में लेती है और उसे किए गए वायदों के साथ विकास के रूप में लौटाती है। काश्मीर से धारा 370 हटाई है तो अयोध्या में भव्य रामलला का मंदिर बन रहा है। अब यहां पर भोलेनाथ का डमरू भी बजेगा और कन्हैया की वंशी भी बजेगी। हर घर को पीने का पानी मिलेगा। भाजपा है तो गुंडो पर नकेल है और विश्व में देश का सम्मान है। सपा और बसपा पर तीखे हमले किए और कहा कि बुंदेलखंड की बर्बादी इन्ही की सरकारों में हुई है,भाजपा तो आवाद करने का काम कर रही है।
जनसंपर्क अभियान के तहत शहर में आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने टाउन हाल में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। यहां पर वह पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में फिर से मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह से जुट जाए। यूपी में 80 की 80 सीटे जिताने का काम आप करिए, मोदी जी सामान्य नागरिक संहिता कानून लाने की तैयारी कर रहे है। उन्होंने सपा को गुंडो की पार्टी बताया तो बसपा पर वोट बेचने का आरोप लगाया है।
आगामी लोकसभा चुनाव में यूपी में इन दलों का खाता नहीं खुलेगा। बुंदेलखंड को इन्ही की सरकारों में बर्बाद किया गया। यहां पर जब से भाजपा के डबल इंजन की सरकार है बुंदेलखंड विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। डिफेंस कॉरीडोर स्वीकृत किया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे बनाकर दे दिया। यहां पर आने वाले दिनों में रोजगार के सबसे बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे। प्रदेश में खनन, नकल और शराब के माफियाओं की दशा किसी से छिपी नहीं है।
योगी सरकार ने गुंडो पर पूरी तरह नकेल कसने का काम किया है। कांग्रेस के शासन में देश के जवानों को गोलीमारने के आदेश नहीं थे लेकिन भाजपा सरकार में सैनिकों को अधिकार है कि अगर वहां से गोली चलती है तो तुम गोली का जबाव गोला से दो। उन्होंने कहा कि पीडीए मतलब परिवारवाद, दंगा, अराजकता है। आत्म निर्भर भारत, शक्तिशाली भारत के निर्माण के लिए आप सब मिलकर मोदी जो को 2024 में एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाएं।
