रामपुर : गांव में घूमता तेंदुआ सीसीटीवी में कैद, ग्रामीणों में दहशत
वन विभाग ने तेंदुए की तलाश में जंगल में की कांबिंग
स्वार के गांव अलीनगर जागीर में घूमता तेंदुआ।
स्वार (रामपुर), अमृत विचार। गांव अलीनगर जागीर के जंगल में तेंदुआ दिखाई देने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तेंदुए की दहशत के चलते ग्रामीणों मे भय का माहौल बना है। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच जंगल में कांबिंग कर तेंदुए की निगरानी शुरू कर दी है।
नगर से सटे गांव अलीनगर जागीर का जंगल घना है। उत्तराखंड से भटक कर आए तेंदुए ने गांव में दस्तक दे दी है। सोमवार देर शाम अचानक तेंदुआ गांव में घुस गया। जिसका नजारा सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और ग्रमीण अपने घरों मे कैद हो कर रह गए। समाजसेवी रेहान अली ने वन रेंजर मुजाहिद हुसैन को सूचना दी। इस पर वन रेंजर टीम के साथ गांव पहुंच गए। टीम ने तेंदुए की तलाश मे कांबिंग की लेकिन तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया।
तेंदुए के भय से ग्रामीणों मे भय का माहौल बना है। वन रेंजर ने ग्रामीणों से सतर्क रहने के साथ जंगलों में न जाने की अपील की है। सुरक्षा की दृष्टि से वनकर्मियों की एक टीम तेंदुए की निगरानी में जुटी हुई है। टीम में खटीमा रेंज के वन रेंजर व वन कर्मी तेंदुए की तलाश में लगे हैं। फिलहाल उन्हें कोई सफलता नहीं मिल सकी है। वन कर्मियों द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। वन रेंजर मुजाहिद हुसैन ने बताया कि टीम गठित कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से तेंदुए की पुष्टी हो रही है। लगातार कांबिंग की जा रही है।
ये भी पढ़ें : रामपुर : ग्रामीण के घर में पांच लाख की डकैती, युवक को मारी गोली
