आईजी अयोध्या ने किया Sultanpur Jail का निरीक्षण, फंदे से लटके मिले हैं दो कैदियों के शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुल्तानपुर, अमृत विचार। पड़ोसी जनपद अमेठी से 22 दिन पहले हत्या के मामले में जेल भेजे गए दो कैदियों का शव बुधवार को जिला कारागार में कटहल के पेड़ से लटकता हुआ मिला। एक साथ दो शवों के पेड़ से लटकता मिलने से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डीएम जसजीत कौर, एसपी सोमेन बर्मा के साथ पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या प्रवीण कुमार तिवारी व डीआईजी जेल हेमंत कुटियाल भी पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। आईजी ने कहा कि प्रथम दृष्टया कैदियों द्वारा फंदा लगाकर सुसाइड करने का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। 

यह पूरा मामला अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र के लोरिकपूर चौधरी का पुरवा गांव से जुड़ा है। जहां बीते 27 मई को गांव के रहने वाले ओम प्रकाश यादव की मुर्गी फार्म पर सोते समय देर रात हत्या कर दी गई थी। 30 मई को पुलिस ने गांव के ही रहने वाले दो चचेरे भाइयों करिया उर्फ विजय पासी (20) और मज्जू रैदास उर्फ मनोज (19) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। हत्यारों के पास से पुलिस को घटना में प्रयुक्त चाकू, लाठी और खून से सनी एक टी-शर्ट भी बरामद हुई थी। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को 30 मई को जेल भेज दिया था। 

बुधवार की दोपहर दोनों चचेरे भाइयों का शव सुलतानपुर जिला कारागार में कटहल के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। शव मिलने के बाद जेल प्रशासन समेत कई बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। 

हर पहलू की होगी जांच   
दो कैदियों द्वारा सुसाइड किया गया है। पूरे घटना स्थल को पूरे फारेंसिंक व वैज्ञानिक अनुसंधान की टीम द्वारा जांच की गई है। तीन चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जो भी लीगल होगा एक्शन लिया जाएगा। 
- प्रवीण कुमार तिवारी, आईजी अयोध्या 

ये भी पढ़ें -लखनऊ : स्थानान्तरण नीति में बदलाव पर कर्मचारी संगठन नाराज, आन्दोलन की चेतावनी जारी

संबंधित समाचार