लखनऊ : स्थानान्तरण नीति में बदलाव पर कर्मचारी संगठन नाराज, आन्दोलन की चेतावनी जारी
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा आहवाहन पर सभी घटक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है। यह अपील वार्षिक स्थानान्तरण नीति 2023-24 में मान्यता प्राप्त सेवा संघों के पदाधिकारियों के स्थानान्तरण के नियमों में किये परिवर्तन को निरस्त करने के लिए की गई है।
कर्मचारियों ने स्थानान्तरण को लेकर सात जून को जारी हुये आदेश को लेकर भारी आक्रोश है। कर्मचारी इस बदलाव के खिलाफ कल यानी गुरुवार को बड़े आन्दोलन की घोषणा भी कर चुके हैं।
स्थानान्तरण नियमों में बदलाव को कर्मचारी नेताओं ने इसे लोकतंत्र पर प्रहार बताया है। मोर्चें के अध्यक्ष वीपी मिश्र की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में मोर्चें के सभी घटक संगठनों के पदाधिकारियों ने एक स्वर से सरकार की कर्मचारी विरोध नीतियों पर आक्रोश व्यक्त करते कहा कि विगत 3 दशक से अधिक समय से सरकारी सेवकों के मान्यता प्राप्त सेवा संघ के अध्यक्ष,सचिव, जिनमें जिला शाखाओं के अध्यक्ष एवं सचिव भी सम्मिलित हैं के स्थानांतरण, उनके द्वारा संगठन में पदधारित करने की तिथि से 2 वर्ष तक न किए जाएं। यदि स्थानांतरण किया जाना अपरिहार्य हो तो स्थानांतरण के लिए प्राधिकृत अधिकारियों से एक स्तर उच्च अधिकारी का पूर्वानुमोदन प्राप्त किया जाए। जिला शाखाओं के पदाधिकारियों के स्थानांतरण प्रकरणों पर जिलाधिकारी की पूर्व अनुमति प्राप्त की जाए।
30 साल से भी अधिक समय से चली आ रही स्थानान्तरण व्यवस्था में बदलाव संगठनों के प्रमुखों ने कर्मचारी के हित और स्वतंत्रता पर प्रहार बताया है। सर्वविदित है कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि सरकार, शासन व कर्मचारी के मध्य सेतु का कार्य करते हैं। ऐसी दशा में संघों को कमजोर करने की साजिश, कदापि उचित नहीं है।
मोर्चें के सभी घटक संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से माँग की है कि उपरोक्त प्रकरण पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए स्थानांतरण नीति 2023-24 प्रस्तर-12 में सरकारी संवर्गों के मान्यता प्राप्त संघों के प्रदेश/मंडल/जिला अध्यक्ष एवं सचिवों को पूर्व की भांति स्थानांतरण से मुक्त रखने के लिए निर्देशित करे।
बैठक में सुरेश कुमार रावत अध्यक्ष, अतुल मिश्र महामंत्री राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र ,सतीश कुमार पाण्डेय अध्यक्ष , राम राज दूबे महामंत्री राज्य कर्मचारी महासंघ ,अवधेश कुमार सिंह (विकास प्रा.), भारत सिंह यादव (उप्र.चतु.श्रे.कर्म.महा.), संदीप बडौला (डीपीए), राम कुमार धानुक(जवाहर-इन्दिरा भवन), राकेश यादव, संजय शुक्ला (ल.वि.विद्य.कर्म.परि.), राजीव तिवारी, राम मनोहर कुशवाहा, जीएम सिंह, अनुराग मिश्र, शोभनाथ, अनिल कुमार, मृत्युंजय मिश्र, अमित कुमार शुक्ला, प्रवीन नाथ द्विवेदी (स्वास्थ्य विभाग), सै. कैसर रज़ा, अमरेन्द्र दीक्षित(स्थानीय निकाय) आदि कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित हुए।
आज की बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि कल 22 जून को प्रदेश के अन्य कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ पुनः बैठक कर प्रश्नगत जारी स्थानान्तरण नीति में मोर्चे एवं सेवा संघों की मांग के अनुसार उक्त नीति में परिवर्तन/निरस्त न करने की स्थिति में आन्दोलन किया जायेगा।
ये भी पढ़ें - सुल्तानपुर में विधायक के सामने भिड़े दो पक्ष, जानिए क्या है मामला
