उन्नाव में बोले बृजेश पाठक, कांग्रेस और सपा वालों से पूछो - अयोध्या जाओगे या नहीं
डिप्टी सीएम ने बुधवार को शहर के नार्मल मैदान में विशाल जनसभा को किया संबोधित
अमृत विचार, उन्नाव। मंदिर निर्माण की मांग को लेकर अयोध्या पहुंचने वालों पर गोलियां चलवा श्रीराम भक्तों के खून से लाल कराने वालों से होने वाले चुनाव में वोट मांगने पर सवाल पूछा जाना चाहिए कि अब अयोध्या जाओगे या नहीं। मतदाताओं अब खुद जागरूक होकर कुर्ता व कोट के ऊपर से जनेऊ पहनने वालों को नकारते हुए भाजपा को एकतरफा जीत दिलाने का समय आ गया है। विपक्ष की सरकारों के समय गाड़ियों में बंदूकधारी बदमाश घूमते दिखते थे। आज आमजन बिना भय के खुलेआम घूम रहा है।
यह बात बुधवार को शहर के नार्मल स्कूल मैदान में नौ साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास दुनिया के सबसे अधिक लोकप्रिय नेता के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशाल व्यक्तित्व है। जिसके सामने तराजू पर विपक्ष के सभी नेताओं को खड़ा करने के बाद भी पार्टी का पलड़ा वजनदार साबित होगा। इसलिए आगामी चुनाव में भाजपा के मुकाबले वास्तव में न तो कोई दल है और न ही कोई गठबंधन टिकने वाला है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सवाल करते हुए कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा? इसके बाद आगे सामने उंगली उठाते हुए बोले कि यहां सबसे पीछे बैठे किसी भी कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। क्योंकि वास्तव में भाजपा ही लोकतांत्रिक पार्टी है। कहा कि सन-2017 से पहले ठेका, पट्टा व कोटा पाने के लिए कहीं भी गोलियां चल जाती थीं। जिले में खनन की बालू कानपुर में बेची जाती थी। कहा कि इसीलिये अब सपा सफा और दफा हो चुकी है।
ये भी पढ़ें -चोरी कर बाइक पर ले जा रहे थे बकरा, पेट्रोल हुआ खत्म - पुलिस ले गई थाने
