चोरी कर बाइक पर ले जा रहे थे बकरा, पेट्रोल हुआ खत्म - पुलिस ले गई थाने
जयसिंहपुर/ सुलतानपुर, अमृत विचार। बकरा चोरी कर रात में घर लौट रहे चोरों की बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर पीछा कर रहे ग्रामीणों ने उन्हें दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मंगलवार की रात करीब एक बजे के आसपास अयोध्या-प्रयागराज बाईपास पर भूलकी चौराहे की तरफ से दो युवक एक काले रंग का बकरा बाइक पर लादकर ले जा रहे थे। स्थानीय लोगों को शक होने पर लोगों ने उनका पीछा किया। चोर जैसे ही गोसाईगंज थाना क्षेत्र के टाटिया नगर चौराहे पर पहुंचे तो उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया तो चोर खड़े हो गए। इसी बीच पीछा कर रहे स्थानीय लोगों ने दोनों को धर दबोचा।
चोरों ने बताया कि हम कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के अग्रेसर गांव से बकरा चोरी कर गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मोतीगंज ले जा रहे थे। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल कोतवाली देहात पुलिस को दी। कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंचकर शातिर चोरों को गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए थाने पर लेकर गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हनुमानगंज निवासी विवेक और गोसाईगंज के मोतीगंज निवासी आशीष के रूप में हुई है।
आशीष ने बताया कि हमारी दीदी की ससुराल में पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था। इसमें पड़ोसियों ने उनके बेटे का सिर फोड़ दिया था और बाद में रेप के केस में फंसा दिया था। उसने बताया कि जिसका बकरा चोरी किया है उसी ने वह पूरा झगड़ा कराया था। उसने बताया कि हमारा प्लान था कि चोरी हम करेंगे और आरोप झगड़ा करवाने वाले लोगों पर आएगा, लेकिन ग्रामीणों के पकड़ लेने से हमारा प्लान फेल हो गया। आरोपियों ने बताया कि अग्रेसर के शुभम और हनुमानगंज के आजाद भी घटना में हमारे साथ शामिल थे। पुलिस ने इनके साथियों को भी पकड़ लिया है।
ये भी पढ़ें -प्रतापगढ़ : सीओ के खिलाफ नहीं थम रहा आक्रोश, शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
