बरेली: जमीन पर कब्जा दिलाने को लेकर आमरण अनशन पर बैठीं मां-बेटी, लगाई न्याय की गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कहा- रिश्तेदारों ने ही धोखाधड़ी कर हड़प ली 25 बीघा जमीन

शाहजहांपुर, अमृत विचार। रिश्तेदारों ने धोखाधड़ी कर 25 बीघा जमीन हड़प ली। पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज कर ली, लेकिन आज तक गिरफ्तारी नहीं हुई। 25 बीघा जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर मां-बेटी कलक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन पर बैठ गई। कहा कि धोखाधड़ी का केस दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि बाद में एसपी के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अनशन समाप्त कर दिया।

जलालाबाद तहसील के गांव खंडहर निवासी मंदालिसा बेटी कंचन के साथ बुधवार दोपहर कलक्ट्रेट पहुंचीं। यहां मां-बेटी ने आमरण अनशन की तख्ती हाथ में लेकर प्रदर्शन किया और डीएम ऑफिस के पास अनशन पर बैठ गईं। मंदालिसा ने बताया कि उनके पति की कुछ साल पहले मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनके कुछ रिश्तेदारों ने उनके पति की 25 वीघा जमीन को अपने नाम करवा लिया।

जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई। अधिकाारियों के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन अभी तक कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी है। तमाम प्रयासों के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जिसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। आरोपी राजनीतिक पहुंच वाले हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पा रही है। आरोपी धमकी दे रहे हैं कि ऐसे केस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते हैं।

महिलाओं ने कहा कि मामले की जांच एसआईटी गठित करके कराई जाए। प्रकरण में जो भी आख्या लिखी जाए दोनों पार्टियों को बुलाकर लिखी जाए। आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाए। महिलाओं ने आशंका जताई कि अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो उनकी व उनके मददगार एक पूर्व सैनिक की हत्या की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसके लिए आरोपी जिम्मेदार होंगे। महिलाएं हल्की बारिश होने के बाद भी अनशन पर बैठी रहीं। इसी बीच मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उन्हें एसपी के समक्ष पेश किया। एसपी के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अनशन समाप्त कर दिया।

यह भी पढ़ें- बरेली: किशोरी से जीजा ने किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल

संबंधित समाचार