बरेली: आईटी एक्सपर्ट को दिया बूथों को मजबूत करने का मंत्र, भोपाल में लेंगे ट्रेनिंग
विधानसभा चुनाव होने वाले राज्यों में संगठन की मजबूती के लिए एक्सपर्ट भेजने की तैयारी
फोटो- जंक्शन रोड के एक होटल में कार्यशाला में आईटी एक्सपर्ट को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और उपस्थित ब्रज क्षेत्र की विधानसभाओं से आए एक्सपर्ट।
बरेली, अमृत विचार। भाजपा ने विधानसभा चुनाव होने से पहले छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में संगठन को मजबूत करने के लिए सोशल मीडिया एक्सपर्ट को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। ब्रज क्षेत्र की प्रत्येक विधानसभा से दो-दो आईटी एक्सपर्ट भी इन राज्यों में भेजे जाएंगे। इससे पहले आईटी एक्सपर्ट को चुनाव वाले राज्यों में बूथों को मजबूत करने के लिए बिंदुवार बारीकियां सिखाई जा रही हैं। बुधवार को शहर के जंक्शन रोड के एक होटल में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने ब्रज क्षेत्र के संगठनात्मक 18 जिलों की 65 विधान सभाओं से बुलाए गए दो-दो आईटी एक्सपर्ट की कार्यशाला को संबोधित किया।
कार्यशाला में भूपेंद्र चौधरी ने आईटी एक्सपर्ट को संगठन को मजबूत करने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए कल्याणकारी योजनाओं काे लोगों तक पहुंचाने की बारीकियां बताईं। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने भी 110 एक्सपर्ट को बताया कि आप लोगों को चुनाव वाले राज्यों में भेजे जाने के लिए तैयार किया जा रहा है।
हाईकमान ने भोपाल में सात दिवसीय ट्रेनिंग रखी है, जिसमें देशभर से भाजपा के आईटी एक्सपर्ट को संगठन की मजबूत करने के लिए टिप्स दिए जाएंगे। कार्यशाला में बरेली जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष वीर सिंह पाल, महानगर अध्यक्ष डाॅ. केएम अरोड़ा, मेयर डाॅ. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल आदि भी मौजूद रहे। इधर महानगर अध्यक्ष डाॅ. केएम अरोड़ा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष दो दिवसीय दौरे पर बरेली आए हैं।
सर्किट हाउस में रुककर वह संगठन के कार्यक्रमों काे लेकर पदाधिकारियों से बात करेंगे। गुरुवार को वह सुबह बदायूं चले जाएंगे। वहां से दोपहर में आने के बाद बहेड़ी में कार्यक्रम है। इसके बाद शाम को सर्किट हाउस में ही रात्रि विश्राम करेंगे। उन्होंने बताया कि संगठन में बदलाव होने जैसी कोई बात प्रदेश अध्यक्ष के स्तर से सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें- बरेली: प्रेमिका ने प्रेमी को किया ब्लॉक, सिरफिरे ने नर्सिंग कॉलेज में काटा हंगामा
