अयोध्या : रिकॉर्ड तोड़ बिजली कटौती और भीषण गर्मी से आम जनजीवन बेहाल

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, अयोध्या । मुख्यमंत्री चाहे अतिक्रमण को लेकर चाहे बिजली कटौती को लेकर आदेश दें, धरातल पर उसका पालन यहां अयोध्या में नहीं है। सप्ताह भर पहले बिजली कटौती न किए जाने के आदेश का भी आजकल यही हाल है। जब से यह आदेश आया तब से कटौती बंद होने के बजाए बढ़ गई है। पहले चार से पांच घंटे की कटौती हो रही थी वहीं अब सात से आठ घंटे की। गंभीर बात यह है कि भीषण उमस में लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं और जिम्मेदार चैन की बंसी बजा रहे हैं। विपक्षी दल बिजली कटौती के मुद्दे पर मुखर होने के बजाए होंठ सी कर बैठे हैं।

बेतहाशा कटौती की यह स्थिति है कि बिजली एक घंटे भी नहीं ठहर रही है। नगर क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा धूल धूसरित हो रहा है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही कटौतियों को मिला लिया जाए तो कटौती की अवधि 10 से 12 घंटे पहुंच जाती है। बीते एक सप्ताह से सर्वाधिक कटौती देवकाली क्षेत्र में की जा रही है। चौक उपकेन्द्र के अवर अभियंता नरेश जायसवाल का कहना है कि दोहरी केबल बिछाई जा रही है इसलिए कटौती है जबकि सच्चाई यह है कि बिजली विभाग जानबूझ कर खेल, खेल रहा है। देवकाली में अभूतपूर्व बिजली संकट के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों का कहना है कि व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई है।

केबल बिछाने का काम दो दिन में पूरा हो जाना चाहिए आज तीन दिन से ऊपर हो गए लेकिन लगातार जारी है। बड़े लोग तो जनरेटर के सहारे दिन काट ले रहे हैं जबकि सामान्य और मध्यम वर्गीय लोग बेहाल हैं। इसके अलावा चौक उपकेन्द्र क्षेत्र में भी कटौती लगातार जारी है। चौक से जुड़े इलाकों में रहने वाले लोग भी त्राहिमाम कर रहे हैं। नहरबाग, नियांवा, अंगूरीबाग समेत अन्य मोहल्लों में दिन और रात दोनों में भीषण कटौती हो रही है। लालबाग, नियांवा, अमानीगंज उपकेंद्र के क्षेत्र भी कटौती की जद में है। इस संबंध में अधिशासी अभियन्ता विघुत वितरण खंड प्रथम से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन मोबाइल काल रिसीव नहीं हुई।

वीआईपी इलाके का वीआईपी उपकेंद्र सिविल लाइन बना

बिजली विभाग की दोहरी नीति चल रही है। एक तरफ नगर क्षेत्र के सभी उपकेंद्रों में कटौती की कटार चल रही है तो वहीं सिविल लाइन उपकेंद्र अछूता है। न यहां ओसीबी ओवरहीट हो रही है न ट्रिपिंग। बता दें कि सिविल लाइन क्षेत्र में सभी विभागों के आला अधिकारी निवास करते हैं इसके चलते वहां सब कुछ आल इज वेल है।

ये बी पढ़ें - फतेहपुर : बीडीसी सदस्य के पिता की जमीनी विवाद में हुई हत्या, पुलिस कर रही जांच

संबंधित समाचार